देवघर संताल एक्सप्रेस :- पंडा धर्म रक्षिणी सभा, देवघर झारखंड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चन्द्र शेखर खवाड़े ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी मिली है कि एक लाल मुंह वाला बंदर बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच गया, जिसने दो भंडारी और एक सफाईकर्मी को काटकर घायल कर दिया। बंदर ने गर्भगृह से निकलने के क्रम में संस्कार मंडप और मानसरोवर पूर्वी तट पर कुल तीन लोगों को घायल किया। खवाड़े ने कहा कि यह घटना मंदिर की व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा की पूरी तरह विफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी एक कुत्ते के भक्तों की कतार में प्रवेश कर गर्भगृह तक पहुंचने की घटना सामने आ चुकी है, और अब बंदर का प्रवेश होना सुरक्षा तंत्र पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा पुलिसकर्मी केवल वीआईपी और अपने परिचितों को दर्शन कराने में व्यस्त रहते हैं, जबकि आम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि लाइन में मारपीट, भक्तों के बीच झगड़े जैसी घटनाएं भी पुलिस की नाकामी को दर्शाती हैं।
चन्द्र शेखर खवाड़े ने श्राईन बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की जाए और इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसी चूकें आने वाले दिनों में उग्रवादी या आपराधिक तत्वों के लिए मंदिर को सॉफ्ट टारगेट बना सकती हैं। उन्होंने आग्रह किया कि मंदिर परिसर में तैनात पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी अपने कर्तव्य और भक्ति दोनों का समन्वय करते हुए कार्य करें।




