साहिबगंज –नगर में धनतेरस के अवसर पर शनिवार को चौक बाजार,बाटा चौक, कॉलेज रोड जिरवाबाड़ी के बाजारों में सामानो की खरीदारी करने के लिए महिला व पुरूषों की भारी भीड़ उमड़ी पड़ी. सुबह से लेकर देर रात तक बाजारों में लोगो की भीड़ से गुलजार रहा.लोगों ने धनतेरस को लेकर सोना-चांदी के आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, वाहन और सजावटी वस्तुओं की जमकर खरीदारी की.शाम के समय बाजारों में खरीदारों की इतनी भीड़ थी कि दुकानों पर लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा. महिलाएं विशेष रूप से बर्तन, दीपक, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और सजावटी सामान खरीदने में व्यस्त दिखी. वहीं बच्चों में खिलौना,घरकुंडा और पटाखों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला .


इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर एलईडी टीवी, फ्रिज, मिक्सर और मोबाइल की खरीदारी लोगो ने जम कर की. सर्राफा बाजार में चांदी के सिक्के और आभूषणों की खरीदारी के लिए भी भारी भीड़ उमड़ी.आभूषण व्यापारी रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि लोग सोना चांदी के दुकान में सोना काम और चांदी के आभूषण अधिक खरीद रहे हैं. चांदी का 10 ग्राम का सिक्का 2500 रूपया की दर से बिक्री किया जा रहा है.वहीं सोना का 10 ग्राम का बना हुआ आभूषण 130000 रुपया के हिसाब से बिक्री की जा रही है व्यापारियों ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बिक्री में बढ़ोतरी हुई है.

वही साज सज्जा के दुकान के अलावे पटाखा दुकान में भी लोगो ने जमकर खरीदारी की.वही लोगो ने झाडू, मोर पंख,घरकुंडा की भी जमकर खरीदारी की.धनतेरस में बाजारो में भीड़ को लेकर पुलिस प्रशासन के द्वारा पुलिस पदाधिकारी व पुलिस जवानों को प्रतिनियुक्त किया गया था.तैनात पुलिस कर्मी भीड़ को नियंत्रित करने व वाहनो को व्यवस्थित करवाने में लगे थे. कुल मिलाकर धनतेरस पर साहिबगंज नगर का बाजार पूरे दिन रौनक से गुलजार रहा.



