दुमका । हंसडीहा भागलपुर मुख्य मार्ग पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के महादेव गढ़ गांव के समीप शनिवार की रात दो तेज रफ्तार बाईक की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान विभीषण महतो, शिवशंकर महतो ग्राम भाटीन थाना हंसडीहा और मनंजय दास दुमका के रूप में हुई है। घटना कैसे घटी इसकी सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है। बताया जाता है कि दोनों बाईक काफी तेज रफ्तार में थी, इसी दौरान महादेव गढ़ के पास आमने दोनों में जोरदार टक्टर हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही हंसडीहा पुलिस ने तीनों युवकों को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। खबर लिखें जाने तक तीनों का शव सीएचसी सरैयाहाट में रखा गया था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी है। रविवार की सुबह तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।




