मधुपुर – महात्मा गांधी के आगमन के 100 साल पूरे होने पर ‘सौ साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के अंतिम दिन बुधवार को ऐतिहासिक पदयात्रा का आयोजन किया गया। स्थानीय पनहाकोला स्थित ऐतिहासिक चंपा कोठी से यह यात्रा महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी के नेतृत्व में शुरू हुई, जिसमें सैकड़ों गांधीवादी विचारधारा से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। चंपा कोठी में सौ साल पूर्व महात्मा गांधी आकर ठहरे थे। यहीं से पदयात्रा करते हुए नगर पालिका जाकर नए भवन का उद्घाटन किया था।

नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और नगर भवन में अवलोकन
चंपा कोठी से निकली पदयात्रा शहर के सुभाष चौक पहुंची, जहां तुषार गांधी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद यह पदयात्रा ऐतिहासिक नगर परिषद भवन पहुंची, जहां तुषार गांधी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने नगर भवन का अवलोकन करते हुए महात्मा गांधी से जुड़ी यादों को फिर से ताजा किया। पनहाकोला से नगर परिषद भवन तक के मार्ग में लोगों ने पदयात्रा का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
तिलक कला मध्य विद्यालय में ऐतिहासिक स्वागत
पदयात्रा नगर भवन से निकलकर ऐतिहासिक पीएम श्री राज्य कृत तिलक कला मध्य विद्यालय पहुंची। यहां विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह और उमंग के साथ तुषार गांधी का स्वागत किया। तुषार गांधी ने ‘100 साल, 100 दीप’ प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यालय में लगी महात्मा गांधी एवं बाल गंगाधर तिलक की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर नमन किया।
गांधी के विचारों से कराया रूबरू
अपने संबोधन में तुषार गांधी ने स्कूली बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और नगरवासियों को कहानी के माध्यम से गांधीजी के विचारों और आदर्शों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मधुपुर की यादों को फिर से जीवंत करते हुए लोगों ने फिर से गांधी के विचारों को आगे बढ़ाने की बात कही है। तुषार गांधी ने कहा, “बापू 100 वर्ष पहले इस विद्यालय में आए थे, आज मुझे भी यहां आने का अवसर मिला, यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।” उन्होंने ‘सौ साल बेमिसाल’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए मधुपुरवासियों से कौमी एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
ऐतिहासिक अवशेषों ने बढ़ाया आकर्षण
इस दौरान तुषार गांधी ने अंग्रेजों द्वारा विद्यालय में जलाई गई ऐतिहासिक पुस्तकों का अवलोकन किया, जिन्हें एक दशक पहले सुरक्षित और संरक्षित किया गया था। इन अधजली पुस्तकों में वेदों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी वर्णित है। 100 साल पहले 1925 में महात्मा गांधी के आगमन के दौरान विद्यालय में रखे चरखे को 2025 में तुषार गांधी ने देखा और आत्मविभोर हो गए।
बच्चों के नाट्य मंचन ने मोहा मन
विद्यालय के बच्चों ने ‘भारत माता’ की वेशभूषा में आकर्षक नाट्य मंचन प्रस्तुत कर सभी उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय, जिसे पीएम श्री राज्यकृत मध्य विद्यालय तिलक कला का दर्जा प्राप्त है, में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट भी लगाए गए थे। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों ने तुषार गांधी के साथ उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं। उपस्थित लोग इस ऐतिहासिक क्षण को अपने कैमरों में कैद करने के लिए व्याकुल नजर आए। तुषार गांधी के आगमन पर लोगों ने ऐसा महसूस किया मानो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सौ साल बाद फिर से इस विद्यालय में पधारे हों।
गांधी चौक पर समापन
तिलक कला विद्यालय से निकलकर पदयात्रा जेपी चौक पहुंची, जहां माल्यार्पण किया गया। इसके बाद यह यात्रा शहर के ऐतिहासिक केंद्र गांधी चौक पर समाप्त हुई, जहां शहरवासियों ने गांधी जी के प्रपौत्र का भव्य स्वागत किया। तुषार गांधी ने यहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मौके पर डॉक्टर सुनीलम, अध्यक्ष घनश्याम, मंत्री प्रतिनिधि शब्बीर हसन, अरविंद कुमार, लेखक अनाथ बंधु चटर्जी, सचिव पंकज पीयूष, डॉ.कल्याणी मीणा, संजय शर्मा, अनिल चौधरी, विद्रोह मित्रा, प्रो.सुमन लता,विजय प्रताप, कलानंदमणी, डॉ योगेंद्र, डॉक्टर अलका, प्रसून लतांत, नरेश पटेल, सुधीर गंडोत्रा, शीला पाना भगत, सौरभ, हाजी अताउल अंसारी, हाजी अलाउद्दीन अंसारी, शेखर, श्रावणी, डॉक्टर जितेंद्र, अरुण आनंद, ऐनुल होदा, मोहम्मद शाहिद फेकू, वीणा वर्मा, सीमा, मनीषा बनर्जी, साल्गे मार्डी, ऐनी, कुमार चन्द्र मार्डी,रंजन कुमार, डाक्टर मनोज,दुष्यंत, उदय, शबाना परवीन, अशोक सिंह, कुंदन भगत, हाजी अल्ताफ हुसैन, दिनेश्वर किस्कू, मरियम टुडू, मो.सैफ, संजय सिंह,बैजू,अबरार,बंकू, जावेद, दिव्या, सीमांत, अरूण निर्झर, अनूप, सरोज शर्मा, जी एहतराम, चंदन समेत सैकड़ो लोग उपस्थित थे।
——————————————————————————————————————————————————————————————————————————————————–



