रात-दिन की तलाशी: बिहार में विशेष टीमों ने शुरू किया व्यापक अभियान
वैशाली से पटना तक छापेमारी की लहर, संदिग्धों की तलाश जोरों पर
देवघर। नवरात्रि के पहले दिन एचडीएफसी बैंक से चार करोड़ दस लाख रुपए नकदी और सोना की डकैती मामले में आठ दिनों के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं। यह क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी बैंक डकैती है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कई विशेष टीम बिहार के विभिन्न जिलों में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए खाक छान रही है। पुलिस कप्तान सौरभ कई बार मधुपुर पहुंचकर मामले की तहकीकात कर चुके हैं। पुलिस स्थानीय लिंक की पहचान करने में लगी है। बिहार के वैशाली, नालंदा और पटना में पहले हुई बैंक डकैती में शामिल अपराधियों के मूवमेंट पर भी नजर रखी जा रही है। जेल में बंद अपराधियों से भी पूछताछ की गई है। जिन अपराधियों पर पुलिस को संदेह है उनकी तलाश दिन-रात की जा रही है। इस दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। मधुपुर हरलाटांड़ के पुरानी कोठी में रह रहे छह युवकों की भी पुलिस तलाश कर रही है।

बैंक डकैती के बाद से सभी युवक गायब हैं। पुलिस बैंक, बाजार, मोहल्ला, गली और ग्रामीण अंचल की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अपराधी घटना को अंजाम देकर बुढ़ई के रास्ते बिहार गए या किसी अन्य मार्ग से फरार हुए। सूत्रों के अनुसार छह अपराधी दो बाइक में सवार होकर नवाबमोड़, लालपुर बरमसिया और बुढ़ई सड़क से भागे। इसमें एक अपराधी बाइक की टंकी पर बैठकर वाहन चला रहा था जबकि दो अपराधी बड़ा बैग लेकर पीछे बैठे थे। तीन बाइक से आए छह अपराधियों में बुर्का वाला भी शामिल था। भगाने के दौरान टिटहियाबांक के पास एक बाइक खराब हो गई और बाद में केवल दो बाइक पर सभी अपराधी भागने में सफल रहे। बैंक डकैती के दौरान छह अपराधियों ने हथियार के नोंक पर बैंक से करोड़ों रुपए लूट लिए और बैंक में मौजूद कर्मियों तथा ग्राहकों को बंधक बनाया। बुर्का वाले अपराधी ने कई लोगों को बुरी तरह पीटा और डकैती को अंजाम देने के बाद खुशी में नाचते भी देखा गया। सूत्रों के अनुसार अपराधियों ने डकैती से पहले कई दिनों तक रेकी की थी और घटना को सुनसान और पतली गलियों के रास्ते अंजाम देने से यह स्पष्ट होता है कि स्थानीय अपराधी भी इसमें शामिल हैं।



