जूता-चप्पल रखकर सौहार्द बिगाडऩे का किया जा रहा है प्रयास : भाजपा
मसलिया/दुमका । झारखंड की उपराजधानी में गुरुवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई, जिसने लोगों की भावनाओं को गहराई से आहत कर दिया। नगर थाना के पास स्थित स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा के माथे पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने चप्पल रख दिया। यह घटना दिनदहाड़े हुई और आश्चर्यजनक रूप से दोपहर तीन बजे तक हजारों लोगों के प्रतिमा स्थल से गुजरने के बावजूद किसी की नज़र इस अपमानजनक कृत्य पर नहीं पड़ी। जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों को दी। खबर मिलते ही भाजपा जिला महामंत्री विवेकानंद राय, युवा जिलाध्यक्ष रूपेश कुमार मंडल और सामाजिक कार्यकर्ता संदीप जय बम बम समेत अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल नगर थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों की शीघ्र पहचान कर कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं ने इस कृत्य को समाज विरोधी तत्वों की साजिश बताते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद न केवल भारत के बल्कि विश्व के प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनकी प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ पूरे समाज और संस्कृति का अपमान है। नेताओं ने मौके पर ही चप्पल को हटवाकर प्रतिमा को जल से धोकर शुद्धिकरण किया। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। जिला महामंत्री विवेकानंद राय ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि हमारी आस्था और संस्कारों पर चोट है। दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
इस बीच, नगर थाना पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद से शहरवासियों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। लोग इसे असामाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने की कोशिश मान रहे हैं। फिलहाल, सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यह घटना न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला है, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक धरोहर के सम्मान का भी प्रश्न बन गई है।

जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दुमका पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग
दुमका । नगर थाना के समीप स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा प्रतिमा के सर पर जूता-चप्पल रखकर समाज में वैमनस्य और सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया। इस आपत्तिजनक कृत्य से दुमका भाजपा आक्रोशित है।
भारतीय जनता पार्टी दुमका जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि—
“स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुष, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण और युवाओं के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उनकी प्रतिमा का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। यह कृत्य दुमका की सामाजिक समरसता को तोड़ने की साजिश है।”
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दुमका पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।
भाजपा सेवा पखवाड़ा के तहत लगातार महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और संरक्षण का कार्य कर रही है। इसी कड़ी में पार्टी ने संकल्प लिया है कि ऐसे असामाजिक तत्वों की मानसिकता को परास्त करते हुए महापुरुषों के आदर्शों को समाज में और अधिक सशक्त रूप से स्थापित किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने में प्रदेश समिति सदस्य निवास मंडल,पिंटू साह,गुंजन मरांडी,विवेकानंद राय,नवल किस्कू,मृणाल मिश्रा,दिनेश सिंह,ओम केसरी,दीप्तांशु कोचगवे,अमन राज,रामकृष्ण हेंब्रम मौजूद थे ।



