देवघर। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के देवघर – दुमका रेल मार्ग पर बेहराबरन मोदीचक के पास बुधवार की देर शाम एक 20 वर्षीय महिला का शव पुलिस ने बरामद किया। मृतका मुनमुन देवी पति पूरन पंडित मोहनपुर थाना इलाके के मेदनीडीह की रहने वाली थी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा। गुरुवार को महिला का पोस्टमार्टम किया गया।
मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव रेलवे ट्रेक पर फेंकने का आरोप लगाया है। मोहनपुर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। मृतका के भाई उमेश पंडित, जो नगर थाना क्षेत्र के बसमत्ता के निवासी हैं, ने बताया कि चार-पाँच महीने पहले उनकी बहन की शादी पूरन पंडित से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले तिलक और अन्य मांगों को लेकर बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। उमेश ने बताया कि बुधवार की शाम को ससुराल वालों ने फोन कर सूचना दी कि उनकी बहन घर से गायब है। यह खबर मिलते ही परिवार के सदस्य ससुराल पहुंचे और बहन की खोज में जुट गए। कुछ समय बाद ससुराल के लोग भी खोज में शामिल हुए, लेकिन बाद में वे सभी अचानक गायब हो गए। करीब रात आठ बजे खोज के क्रम में बेहराबरन मोदीचक के पास रेलवे ट्रेक पर बहन का शव बरामद हुआ। मोहानपुर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और ससुराल पक्ष के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की तैयारी में है।




