देवघर। सारठ प्रखंड अंतर्गत कुकराहा गांव स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर अपनी अद्भुत और रहस्यमयी आस्थाओं के कारण भक्तों के बीच विशेष स्थान रखता है। जागृत सती स्थल के रूप में प्रसिद्ध यह मंदिर आज भी आधी रात की नीरवता में घुंघरुओं की मद्धिम ध्वनि से गूंज उठता है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का मानना है कि यह स्वर मानो कई स्त्रियों के एक साथ नृत्य करने की ध्वनि प्रतीत होता है। मंदिर को शांति और शक्ति की दात्री महामाया जगदम्बा का भव्य धाम माना जाता है। स्थानीय श्रद्धालु बताते हैं कि यहां से कोई भी भक्त निराश नहीं लौटता। मां की कृपा से भक्तजन जीवन की प्रतिकूलताओं से उबरकर मानव और समाज सेवा में निरंतर जुटे रहते हैं। इस मंदिर की महिमा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि समाज के हर वर्ग के लोग यहां आकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। कुछ वर्ष पूर्व उड़ीसा से आए एक वैज्ञानिक भक्त और विशेषज्ञों की टीम ने इस स्थल को सकारात्मक ऊर्जा का महाश्रोत बताया था। उनके अनुसार यहां की अदृश्य ऊर्जा का स्तर तिब्बती मंदिर, चर्च के क्रॉस, शिवलिंग और ओम् ऊर्जा से भी अधिक है। विशेषज्ञों ने कहा था कि इस ऊर्जा को वैज्ञानिक उपकरणों द्वारा मापा जा सकता है।

सिंगापुर, लंदन और ब्राजील जैसे देशों में बसे क्षेत्र के प्रवासी भक्त भी दुर्गा पूजा के अवसर पर यहां पहुंचकर मां की पूजा-अर्चना करना नहीं भूलते। उनका विश्वास है कि यह मंदिर अवसाद जैसी गंभीर व्याधि के लिए सर्वोत्तम उपचार स्थल है। दुर्गा पूजा के दिनों में मंदिर परिसर में विशेष उत्सव का आयोजन होता है। प्रतिदिन सैकड़ों भक्तजन अपनी मनौतियां पूरी होने पर ब्राह्मणों और कन्याओं को भोजन कराते हैं। विद्वान पंडित और साधु-संत यहां दसों दिन जमघट लगाए रहते हैं। इस मंदिर की विशेषता यह है कि दशहरा के दिनों में मां को लाड़ली पुत्री के रूप में पूजा जाता है। सप्तमी तिथि को अजय नदी से केले के थम में श्वेत वस्त्र लपेटकर मां को ससुराल से मैके लाया जाता है। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उल्लास का वातावरण छा जाता है। वहीं विजया दशमी के दिन विसर्जन के समय भक्तों की आंखें नम हो जाती हैं, मानो बेटी की विदाई का दुख सभी को एक साथ बांध लेता है। भक्तों का कहना है कि कुकराहा दुर्गा मंदिर अद्वितीय और रहस्यपूर्ण है। माता का पावन नाम ही निराशा से जूझ रहे लोगों के लिए संजीवनी समान है। यही कारण है कि यह स्थल आस्था और अध्यात्म दोनों के लिए अनमोल धरोहर बन चुका है।



