मुंबई । अभिनेत्री दिशा पाटनी और खुशबू पाटनी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। दिशा के उप्र के बरेली वाले घर पर बाइक दो अज्ञात हमलावरों ने तड़के करीब साढ़े तीन बजे गोलीबारी की। इस फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी पुष्टि भी की। अब दिशा के पिता जगदीश सिंह पाटनी ने बयान दिया है। जगदीश ने कहा कि पुलिस ने तत्परता दिखाई और फायरिंग मामले की जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाई है। घर को पुलिस ने घेरा हुआ है।
जगदीश पाटनी ने सुरक्षा को लेकर कहा, सुरक्षा की दृष्टि से बात की जाए, तो पुलिस ने सबसे पहले हमारी सुरक्षा की है। बाहर गार्ड्स लगे हुए हैं। पीछे पुलिस लगी हुई है। पुलिस ने कोई कोताही नहीं बरती। जबसे पुलिस को पता चला है, तबसे वर्किंग मोड पर ही है। जगदीश सिंह पाटनी ने कहा, मेरी बेटी का बयान तोड़ मरोड़ के पेश किया गया है। हम सनातनी धर्म को मानने वाले हैं। योगीजी का ये प्रदेश है। इस तरह की गुंडागर्दी पर पूरी लगाम लगाई जाए। फायरिंग से हम सब दहशत में थे। मेरी नींद भी खुल गई थी। बाहर आने की कोशिश भी की-जैसे तैसे आड़ लेकर हम बचे। 8-10 राउंड फायरिंग की।जगदीश पाटनी ने रोहित गोदारा की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, मैंने फेसबुक पर पढ़ा है। लेकिन इस पर विश्वास नहीं कर सकता। क्योंकि फेसबुक और मीडिया में जो भी चीजें होती है, जैसे टिप्पणी करना या अपनी बातें रखना। इसे कोई गंभीरता से तो लेता नहीं है, क्योंकि हमारे संविधान में अपनी बातें रखने का-बोलने का पूर्ण अधिकार है। अगर इस तरह का हादसा हो, तो इस बारे में कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है।


