पलामू । प्रेमी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका को चाकू मारने के बाद खुद से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना पलामू-गढवा के सीमावर्ती गढवा टाउन थाना क्षेत्र के वनपुरवा जंगल में शुक्रवार रात हुई। शनिवार को दोनों का शव घटनास्थल से बरामद किया गया।
गढवा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल से पुलिस ने पिस्टल और चाकू के अलावा अन्य सामान बरामद किए हैं।
प्रेमी-प्रेमिका पलामू के रहने वाले हैं। प्रेमी जहां चैनपुर के शाहपुर सेमरटाड़ का सुमित कुमार चन्द्रवंशी (26) है, वहीं प्रेमिका नावाटोली की प्रीति देवी उर्फ डॉली (25) है। प्रीति दो बच्चों की मां बतायी गयी है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
लड़की के भाई पांकी-सगालीम निवासी मुकेश कुमार के अनुसार प्रीति ने शुक्रवार-शनिवार रात एक बजे कॉल करके बताया कि सुमित ने उसे चाकू मार दिया है और खुद भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। उसकी हालत गंभीर है, जान बचाइए। बहन की सूचना पर मुकेश ने पुलिस को जानकारी दी और खुद भी उसे ढूंढने के लिए गढवा पहुंचा। हालांकि प्रीति भाई को मृत अवस्था में मिली।
भाई के अनुसार वह अक्सर फोन पर बात करती थी। मना करने के बाद भी उसकी आदत में सुधार नहीं हुआ था। प्रीति मेदिनीनगर के नावाटोली में रहती थी। घर से निकलते समय बताया था कि उसे राशन लेना है और समूह का पैसा भरना है।
इधर मृतक के परिजनों का कहना है कि शुक्रवार को दिनभर मकान निर्माण कराने के बाद शाम छह बजे सुमित अपने भतीजे के साथ बाइक से निकला था। तहले नदी पहुंचने पर वह मोटरसाइकिल से उतर गया और अपने भतीजे को वापस घर भेज दिया।
देर रात जानकारी हुई कि सुमित ने खुद को गोली मार ली है। सुमित की शादी रंका में तय हुई थी। इधर जानकारी मिली है कि सुमित और प्रीति दूर के जीजा और साली लगते थे। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आठ साल पहले प्रीति की शादी चैनपुर सेमरटाड़ के संतोष चन्द्रवंशी से हुई थी।




