पटना । बिहटा की गलियां जब सन्नाटे में डूबी थीं तब पटना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर महाकाल गैंग के ठिकानों पर धावा बोल दिया। सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह की अगुवाई में डिजिटल इंटेलिजेंस यूनिट, बिहटा थानाध्यक्ष और आईआईटी अम्हारा थानाध्यक्ष की विशेष टीम ने घोडाटाप इलाके में छापेमारी की। इस ऑपरेशन में गैंग के दो कुख्यात सदस्य हरेराम सिंह और विनीत कुमार हथियारों के जखीरे के साथ धर लिए गए। भोजपुरी कलाकार अभिषेक सिंह के नेतृत्व वाला यह गैंग अवैध हथियारों की तस्करी और सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने में सक्रिय था। पकड़े गए गुर्गों के पास से तीन राइफल, 340 कारतूस और पांच लाख रुपये बरामद किए गए हैं। बता दें कि महाकाल गैंग का नेटवर्क बिहटा से भोजपुर तक फैला है जिसमें 10-15 सदस्य शामिल हैं। पुलिस अब फरार सदस्यों और हथियारों की सप्लाई चेन की तलाश में जुटी है।
बताया जाता है कि महाकाल गैंग बिहटा और भोजपुर में अवैध हथियारों की तस्करी का बड़ा रैकेट चला रहा था। इसका सरगना भोजपुरी कलाकार अभिषेक सिंह है जिसके सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वायरल वीडियो ने पुलिस को चौंका दिया था।गैंग थोक में हथियार और कारतूस मंगवाकर स्थानीय बदमाशों को बेचता था। सोशल मीडिया में बंदूकों के साथ दहशत भरे वीडियो डालकर यह गैंग इलाके में अपनी दबंग छवि बनाता था।
सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गैंग के बाकी सदस्यों को पकड़ने के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए विशेष सेल बनाया गया है, ताकि ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई हो। पुलिस का लक्ष्य गैंग के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना और अवैध हथियारों की तस्करी को जड़ से खत्म करना है। यह कार्रवाई बिहटा में कानून-व्यवस्था बहाल रखने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।
छापेमारी में पुलिस ने तीन राइफल, एक रिवॉल्वर, 340 जिंदा कारतूस (12 बोर की 131, 7.65 एमएम की 110, .315 बोर की 80, .32 बोर की 19), पांच लाख रुपये नकद, तीन बट कवर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। हथियारों का यह जखीरा गैंग की ताकत और उनके अपराधी नेटवर्क की पहुंच को बताने के लिए काफी है। बता दें कि पकड़े गए विनीत कुमार पहले भी रंगदारी और आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है जबकि हरेराम सिंह का हत्या के मामले में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस सूत्रों की जानकारी के अनुसार, महाकाल गैंग का नेटवर्क बिहटा और मनेर से लेकर भोजपुर तक फैला है जिसमें 10 से 15 सदस्यों की पहचान हो चुकी है। महाकाल गैंग के अन्य सदस्य जैसे सोनू कुमार, सुमीत कुमार, निरंजन कुमार और अभिषेक कुमार अभी फरार हैं। बता दें कि बीते जुलाई महीने में सोनू और सुमीत को 80 कारतूस के साथ पकड़ा गया था। पुलिस को शक है कि यह गैंग बिहार के अन्य जिलों और संभवतः पड़ोसी राज्यों में भी सक्रिय हो सकता है।




