रांची । शराब घोटाला मामले में जेल में बंद आईएएस अधिकारी विनय चौबे को हजारीबाग में खासमहल जमीन घोटाला मामले में एसीबी ने अभियुक्त बनाया है। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए विनय चौबे की हजारीबाग एसीबी की विशेष कोर्ट में पेशी हुई। एसीबी के थाना प्रभारी सौरभ लकड़ा की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। इससे पहले एसीबी ने तत्कालीन खासमहल पदाधिकारी विनोद चंद्र झा, बसंती सेठी, उमा सेठी, इंद्रजीत सेठी, राजेश सेठी, विजय प्रताप सिंह और सुजीत कुमार सिंह को आरोपी बना चुकी है। एसीबी ने इस मामले की प्राथमिक जांच पहले ही कर ली थी, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे। हजारीबाग की लगभग 2.75 एकड़ खासमहल की जमीन 1948 में एक ट्रस्ट को 30 साल के लिए लीज पर दी गई थी। इस लीज को 1978 में 2008 तक के लिए नवीनीकृत (रिन्यूअल) किया गया था। एसीबी की जांच में पाया गया कि 2008 से 2010 के बीच एक साजिश के तहत इस जमीन को सरकारी बताकर 23 निजी व्यक्तियों को आवंटित कर दिया गया।




