●शिक्षा को हथियार बना कर ही अपना विकास कर सकता है आदिवासी समाज
सुमन सिंह
दुमका । प्रो.स्टीफन मरांडी की गिनती झारखंड के दिग्गज नेताओं में होती है।एसपी कॉलेज दुमका के प्रोफेसर रह चुके स्टीफन मरांडी अविभाजित बिहार में झामुमो विधायक दल के नेता और नीतीश कुमार की 10 दिनों वाली सरकार में मंत्री रह चुके हैं।झारखंड बनने के बाद नेता प्रतिपक्ष रहे और बाद में राज्य के डिप्टी सीएम भी बने। दुमका से छह टर्म विधायक रहे प्रो.स्टीफन मरांडी पिछले दो टर्म से महेशपुर से झामुमो विधायक हैं।विश्व आदिवासी दिवस को लेकर संताल एक्सप्रेस के साथ बातचीत में प्रो.स्टीफन मरांडी ने कहा कि जिस अनुपात में आदिवासियों को आगे बढ़ना चाहिए,वे नहीं बढ़ पा रहे हैं।आदिवासी पहले से अधिक जागरूक हुए हैं।हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी भी बढ़ी है पर जिस मुकाम पर आदिवासियों को होना चाहिए वह अभी नहीं मिला है।उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के मामले में संताल आदिवासी अभी भी पिछड़े हुए है।हालांकि प्रो.मरांडी ने इस बात पर संतोष जाहिर किया कि इस बार जेपीएससी में 26 संताल आदिवासी युवा सफल हुए हैं।उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रयास हमारे संताल आदिवासी युवाओं को यूपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए करना चाहिए।प्रो.स्टीफन मरांडी का मानना है कि शिक्षा को हथियार बना कर आदिवासी आगे बढ़ सकते हैं।आदिवासी समाज में जब पढ़ाई-लिखाई पर बहुत जोर नहीं था,उस जमाने में प्रो.स्टीफन मरांडी एमए तक की शिक्षा प्राप्त कर दुमका के प्रतिष्ठित एसपी कॉलेज में संताली विभाग में प्रोफेसर नियुक्त हुए थे।
स्टीफन जी पढ़-लिख कर राजनीति में आये और एक लंबा रास्ता तय कर एक मुकाम पर पहुंचे।अपने संघर्ष के दिनों की चर्चा करते हुए स्टीफन मरांडी बताते हैं कि पिताजी मुझे उच्च शिक्षा देना चाहते थे पर स्कूल-कॉलेज की कमी थी। दुमका जिला के सुदूर और पिछड़े इलाके गोपीकांदर के गौड़ी गांव में जन्मे स्टीफन मरांडी की आरंभिक शिक्षा गांव से करीब डेढ़ किमी की दूरी पर स्थित कारूडीह के सरकारी स्कूल में हुई।मिडिल तक पढ़ाई करने के बाद उन्होंने संत जोसेफ स्कूल गुहियाजोरी से मैट्रिक पास किया।उनके पिता मंगल मरांडी राजस्व कर्मचारी थे, जो सरकारी सेवा से रिटायर होने के बाद अपने गांव के मुखिया बने।सरकारी सेवा में होने के कारण पिता मंगल मरांडी जी शिक्षा के महत्व को अच्छी तरह समझते थे।यही वजह है गुहियाजोरी से मैट्रिक पास करने के बाद स्टीफन मरांडी को उच्च शिक्षा के लिए भागलपुर भेजा गया।उन्होंने टीएनबी कॉलेज भागलपुर से स्नातक और भागलपुर यूनिवर्सिटी से एमए की पढ़ाई की।
———————————————————-

भागलपुर से पढ़ाई कर दुमका आए पर नहीं लौटे अपने घर
दुमका।पढ़ाई पूरी करने के बाद स्टीफन मरांडी दुमका लौटे पर वे गांव नहीं गए।दुमका में हॉस्टल में रह कर सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यों में जुट गए।आदिवासी समाज के शोषण और संताल परगना के पिछड़ेपन से आक्रोशित युवा स्टीफन मरांडी को शिबू सोरेन का व्यक्तित्व ने बहुत प्रभावित किया। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में चल रहे सामाजिक आंदोलन से स्टीफन मरांडी जुड़ गए।शिबू सोरेन के नेतृत्व में चले झारखंड आंदोलन में स्टीफन मरांडी एक प्रमुख स्तम्भ थे।वे एसपी कॉलेज में संताली विभाग के प्रोफेसर भी नियुक्त हो चुके थे और झारखंड मुक्ति मोर्चा में एक ऐसे नेता के रूप में उभरे थे जो जमीन से जुड़ा होने के साथ ही बौद्धिक रूप से भी परिपक्व थे।पार्टी में पढ़ा-लिखा युवा आदिवासी चेहरा होने के कारण स्टीफन मरांडी दिशोम गुरु शिबू सोरेन के विश्वस्त सहयोगी बन गए।1980 में प्रोफेसर स्टीफन मरांडी झामुमो के टिकट पर दुमका सीट से विधायक निर्वाचित हुए।वे 1980 से 2005 तक लगातार 25 साल तक जेएमएम से दुमका से विधायक रहे।राजनीतिक मतभेद के कारण जब स्टीफन मरांडी को दुमका छोड़ना पड़ा तब भी 2005 के चुनाव में वे दुमका सीट से निर्दलीय चुनाव जीते थे।प्रो.स्टीफन मरांडी राज्य के वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री भी बने पर जमीन से जुड़ी राजनीति करते रहे। राजनीतिक जीवन में कई उतार-चढ़ाव देख चुके प्रो.स्टीफन मरांडी वर्तमान में महेशपुर विधान सभा क्षेत्र से झामुमो के विधायक हैं।
———————————————————-
कई सामाजिक आंदोलन के हिस्सा बने स्टीफन मरांडी
दुमका।बचपन से ही स्टीफन मरांडी को पढ़ाई के साथ सामाजिक कार्यों में भी उनकी गहरी रुचि थी।आदिवासी समाज की बेहतरी के लिए वे कुछ करना चाहते थे।सामाजिक कार्यों के लिए उनकी बड़ी बहन महेश्वरी मरांडी ने उन्हें प्रेरित किया।महाजनी प्रथा और महाजनी शोषण को लेकर स्टीफन मरांडी के मन में काफी क्षोभ था।इधर भागलपुर से पढ़ाई पूरी करने के बाद स्टीफन मरांडी ने खुद को शिक्षा और समाज सेवा के प्रति समर्पित कर दिया।तब तक दिशोम गुरु शिबू सोरेन का संताल परगना में पदार्पण हो चुका था।गुरुजी के निकट सहयोगी के रूप में स्टीफन मरांडी ने कई सामाजिक आंदोलनों में हिस्सा लिया।



