श्रीनगर । पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कटरा से श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उदमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक परियोजना की 8 खासियतों को सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने इस रेल परियोजना को “इंजीनियरिंग का अद्भुत कारनामा” बताया।
रेल मंत्री ने बताया कि इस परियोजना के तहत देश की सबसे लंबी परिवहन सुरंग टी-50, खारी और सुम्बर के बीच बनाई गई है, जिसकी लंबाई 12.77 किलोमीटर है। वहीं, देश की दूसरी सबसे लंबी रेल सुरंग टी-80, बनिहाल और काजीगुंड के बीच स्थित है, जिसकी लंबाई 11.22 किलोमीटर है। इसके अलावा, भारत की तीसरी सबसे लंबी रेलवे सुरंग टी-44 की लंबाई 11.13 किलोमीटर है, जो सावलकोट और संगलदान के बीच है।

वैष्णव ने बताया कि परियोजना में कुल 36 मुख्य सुरंगों का निर्माण किया गया है, जिनकी कुल लंबाई 119.6 किलोमीटर है। इनके अलावा 8 एस्केप टनल्स यानी आपातकालीन सुरंगों का भी निर्माण हुआ है, जिनकी कुल लंबाई 66.4 किलोमीटर है।
परियोजना का सबसे आकर्षक और तकनीकी दृष्टि से चुनौतीपूर्ण हिस्सा चिनाब ब्रिज है, जो अब दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज बन चुका है। इसकी लंबाई 1.3 किलोमीटर है और यह 359 मीटर ऊंचा है यानी एफिल टावर से 35 मीटर ऊंचा। ब्रिज के निर्माण में 600 किलोमीटर से ज्यादा स्टील वेल्डिंग की गई, जो जम्मू से दिल्ली के रेलवे ट्रैक की लंबाई से भी ज्यादा है।
रेल मंत्री ने अंजी ब्रिज का भी जिक्र किया, जो भारत का पहला केबल-स्पैन रेलवे ब्रिज है। इस ब्रिज की कुल लंबाई 725.5 मीटर है और यह एक ही सेंट्रल पायलन पर संतुलित है। इस पायलन की ऊंचाई 193 मीटर है। इस ब्रिज के निर्माण में 96 स्टे केबल्स का इस्तेमाल किया गया है, जिनकी कुल लंबाई 653 किलोमीटर है जो जम्मू से दिल्ली की दूरी से भी ज्यादा है। इन सभी केबल्स को महज 11 महीनों में स्थापित किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना में विशेष रूप से हिमालयी टनलिंग पद्धति को अपनाया गया, ताकि कठिन भौगोलिक और भूकंपीय परिस्थितियों में भी निर्माण कार्य सुरक्षित और प्रभावी ढंग से किया जा सके। उन्होने बताया कि वंदे भारत ट्रेनों में विशेष ‘आइस कटर’ लगाए गए हैं, जो बर्फबारी में भी पटरियों से बर्फ हटाने का कार्य करेंगे। इससे पूरे साल हर मौसम में रेल सेवा संभव हो सकेगी।
बता दें कश्मीर को रेल मार्ग से देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने की महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम 1997 में शुरू हुआ था। भूवैज्ञानिक, स्थलाकृतिक और मौसम संबंधी चुनौतियों के कारण परियोजना को पूरा करने की समयसीमा कई बार बढ़ाई गई, जिससे इसकी लागत बढ़ गई और यह 41 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि का इसमें लगी। कुल 272 किलोमीटर लंबी यूएसबीआरएल परियोजना के 209 किलोमीटर हिस्से का काम विभिन्न चरणों में पूरा हुआ। 118 किलोमीटर लंबे काजीगुंड-बारामूला खंड का पहला चरण अक्टूबर 2009 में पूरा हुआ। इसके बाद 18 किलोमीटर लंबा बनिहाल-काजीगुंड खंड जून 2013 में, 25 किलोमीटर लंबा उधमपुर-कटरा खंड जुलाई 2014 में और 48.1 किलोमीटर लंबा बनिहाल-संगलदान खंड पिछले वर्ष फरवरी में पूरा हुआ। 46 किलोमीटर लंबे संगलदान-रियासी खंड का काम भी पिछले साल जून में पूरा हो गया था, जबकि रियासी और कटरा के बीच 17 किलोमीटर का हिस्सा बचा था, जो पिछले साल दिसंबर में पूरा कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि तकनीकी मापदंडों की बात की जाए, तो इस पुल को 260 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बहने वाली हवा को झेलने के लिए डिजाइन किया गया है। चूंकि, यह पुल भूकंपीय क्षेत्र पांच में आता है, इसलिए इसका डिजाइन तैयार करना एक जटिल प्रक्रिया थी। रेल मंत्री ने कहा कि पुल की नींव फुटबॉल मैदान के आधे हिस्से के बराबर है और इसके निर्माण में 30,000 टन इस्पात का इस्तेमाल किया गया है।
इस खबर को भी पढ़ें : महिला की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
इस खबर को भी पढ़ें : जामुन के पेड़ से गिरकर मजदूर की मौत





