नई दिल्ली । लंबे समय से आर्थिक संकट झेल रहे पाकिस्तान में आईएमएफ से लेकर तमाम वैश्विक निकायों से मिल रही वित्तीय सहायता के बाद भी हालात बदतर हैं। लोग गरीबी में घुसते जा रहे हैं और महंगाई के चलते लोगों को खाने-पीने और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जूझना पड़ रहा है। पाकिस्तान में लगातार गरीबी बढ़ रही है इसका खुलासा विश्व बैंक की रिपोर्ट में किया गया है और साथ ही गरीबी बढ़ने का बड़ा कारण भी बताया गया है।
ये रिपोर्ट ऐसे समय में आई है, जब जून में विश्व बैंक द्वारा पाकिस्तान के लिए 20 अरब डॉलर का कर्ज देने की बातें कही जा रही है। हाल ही में पाकिस्तान के हालात देखकर आईएमएफ ने बड़ी रकम दी है, लेकिन आतंक का पनाहगार देश आम लोगों के जीवन में बदलाव के बजाय इसे आतंकियों पर लुटाने में लगा है, हाल ही में पहलगाम हमले के बाद भारत से बढ़े तनाव के बीच ये खुलकर सबसे सामने आया और आईएमएफ को भी इसका एहसास हुआ। इसके चलते उसने जो 1 अरब डॉलर की अतिरिक्त आर्थिक मदद के साथ पाकिस्तान के लिए बेलआउट को मंजूरी दी थी, उसके तुरंत बाद नई शर्तें भी लगाई थीं।
पाकिस्तान का हाल ये है कि देश पर 131 अरब डॉलर का कर्ज है, जो इसकी जीडीपी का करीब 42 फीसदी है, तो महंगाई, भुखमरी और बेरोजगारी की मार से जनता कराह रही है। अब विश्व बैंक की नई रिपोर्ट में पाकिस्तान में बढ़ती गरीबी के पीछे के कारणों के बारे में खुलासा हुआ है, इसमें वैश्विक निकाय ने कहा है कि पाकिस्तान की गरीबी बढ़ने के पीछे जनरल सेल्स टैक्स यानी जीएसटी अहम रोल निभा रहा है।
वर्ल्ड बैंक ने अपनी रिपोर्ट में पाकिस्तान को इस खतरे से आगाह करने के बाद इससे बचाव की सलाह देते हुए सुझाव में कहा है कि पाकिस्तान सरकार को डॉमेस्टिक रेवेन्यू कलेक्शन और पब्लिक एक्सपेंडिचर में सुधार करना होगा। फिस्कल इक्विटी में सुधार के लिए ये करना जरूरी है। इसके अलावा वैश्विक निकाय ने पाकिस्तान में पब्लिक हेल्थ और एजुकेशन तक पहुंच बढ़ाने के लिए सुधार लागू करने पर भी जोर दिया है, जो देश में गरीबी और असमानता को कम करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इसके साथ ही विश्व बैंक ने पाकिस्तान के टैक्स सिस्टम की कमियों को उजागर करते हुए कहा है कि पाकिस्तान के लिए मुसीबत ये है कि उसने इनडायरेक्ट टैक्सों पर ज्यादा फोकस किया है और सब्सिडी एक्सपेंडिचर से रेवेन्यू अर्जित करने का रास्ता चुना है।






