देवघर: देवघर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 21 जून 2025 से इमरजेंसी सेवा की शुरुआत होने जा रही है। यह जानकारी गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने एम्स परिसर का निरीक्षण करने के बाद दी। उन्होंने बताया कि अब गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली, वेल्लोर या अन्य बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
सांसद दुबे ने कहा कि देवघर एम्स की इमरजेंसी बिल्डिंग पूरी तरह तैयार है और मरीज अब ओपीडी के साथ-साथ इमरजेंसी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे।

400 डॉक्टरों की टीम तैनात, रोजाना 1700 से अधिक मरीजों का इलाज:
देवघर एम्स में फिलहाल 41 विभाग कार्यरत हैं, जहां झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन 1700 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। मरीजों की देखभाल के लिए 400 डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम तैनात है। संस्थान में 16 अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर चालू हैं, जिनमें रोजाना जटिल शल्य चिकित्सा की जा रही है। सांसद ने बताया कि जल्द ही एम्स में ऑन्कोलॉजी सहित अन्य गंभीर रोगों का इलाज भी शुरू किया जाएगा, जिससे कैंसर पीड़ित मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
हंसडीहा अस्पताल एम्स के अधीन लाने की प्रक्रिया:
निरीक्षण के दौरान सांसद दुबे ने यह भी जानकारी दी कि दुमका जिले के हंसडीहा स्थित सरकारी अस्पताल को एम्स प्रबंधन के अधीन लाने की प्रक्रिया चल रही है। यहां विशेष रूप से आदिवासी बच्चों में पाई जाने वाली सिकल सेल एनीमिया बीमारी के इलाज और अनुसंधान की व्यवस्था की जाएगी।



