खड़गपुर । देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में से एक आईआईटी खड़गपुर से एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिविल इंजीनियरिंग विभाग के तीसरे वर्ष के छात्र मोहम्मद आसिफ कमर ने रविवार तड़के अपने हॉस्टल पंडित मदन मोहन मालवीय हॉल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
यह घटना रविवार तड़के 2:53 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और छात्र का शव बरामद किया। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। छात्र बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला था और उसी दिन घर जाने की योजना बना रहा था। आईआईटी प्रशासन के अनुसार, एक बाहरी कॉल के माध्यम से सुरक्षा इमरजेंसी नंबर पर सूचना दी गई कि छात्र ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद संस्थान की सुरक्षा टीम, डॉक्टर, प्रशासन और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना है, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।






