हैदराबाद । ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर एक बार फिर पाकिस्तान पर जहां तीखा हमला बोला वहीं केंद्र से कुछ मांगें भी की है। उन्होंने कहा कि अब समय पाकिस्तान को समझाने का नहीं, बल्कि उसे सजा देने का है।
बिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने पाकिस्तान को बेशर्म और असफल देश करार देते हुए कहा, कि अब ये कहने का वक्त खत्म हो गया कि हम बातचीत से हल निकालेंगे। पाकिस्तान को जवाब उसी की भाषा में देना होगा। आतंकी बार-बार हमारी मासूम जनता को निशाना बना रहे हैं और पाकिस्तान अपनी ज़मीन से इन हमलों को बढ़ावा दे रहा है। ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान के लोग सबूत मांगते हैं, लेकिन हमने पठानकोट और मुंबई जैसे हमलों के पुख्ता सबूत पाकिस्तान को दिए थे, फिर भी उन्होंने कुछ नहीं किया। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि पहलगाम हमले में मारे गए 26 लोगों को शहीद का दर्जा दिया जाए और उनके परिजनों को सरकारी सम्मान और सहायता प्रदान की जाए।
एक रैली में बोलते हुए ओवैसी ने भारतीय नौसेना के शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी नरवाल के बयान की भी सराहना की। उन्होंने कहा, हिमांशी ने अपने पति को खोने के बावजूद नफरत फैलाने के बजाय शांति और न्याय की बात की। उनका यह संदेश देश के लिए प्रेरणा है, खासकर उन लोगों के लिए जो हिंदू-मुस्लिम नफरत को हवा देते हैं। अंत में ओवैसी ने कहा कि देश को इस समय नफरत नहीं, बल्कि शांति और एकता की ज़रूरत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे शहीदों के परिवारों की भावनाओं का सम्मान करें और एक मजबूत तथा न्यायप्रिय राष्ट्र के तौर पर कार्रवाई करें।






