पटना । होली मनाने अमेरिका से अपने गांव आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस वक्त हुई जब बदमाश युवक के साथ लूटपाट करने की कोशिश कर रहे थे उसमें सफल नहीं हुए तो गोली मार दी। बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर-जंदाहा मुख्य मार्ग पर राजापाकर क्षेत्र के उफरौल डैनी पुल स्थित एनवीआई ईंटभट्टा के पास यह घटना हुई। मृतक की पहचान जंदाहा थाना क्षेत्र के सकरौली बुचौली निवासी रमाशंकर चौधरी के बेटे राहुल आनंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गले से सोने की चेन छीनने का विरोध करने पर दो बाइक सवार लुटेरों ने उन्हें गोली मार दी

अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार एनआरआई राहुल आनंद हाजीपुर दिग्घी कला पूर्वी स्थित घर से मां को लेकर बाइक से गांव की ओर निकले। वे लोग एनएच 322 मार्ग में उफरौल डैनी पुल के पास ही पहुंचे थे कि बाइक सवार दो अपराधियों ने उनकी गाड़ी रुकवाई। बदमाशों ने उनके गले से चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर कमर में गोली मारी और भाग निकले। स्थानीय लोगों ने सूचना डायल 112 की पुलिस को दी। पुलिस की मदद से गंभीर स्थिति में उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। बेहतर इलाज के लिए पटना के एक बड़े निजी अस्पताल में रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान राहुल ने दम तोड़ दिया।चेन छीनने के विरोध में एनआरआई की हत्या से गांव में हर कोई स्तब्ध है। गोली लगने की सूचना पर राजापाकर थाने की पुलिस एवं देसरी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।





