अलीगढ़ । बरला क्षेत्र के गांव गाजीपुर में हिस्ट्रीशीटर की हत्या बेरहमी से की गई थी। उसे चार गोलियां लगी थीं। तीन सीने व एक कमर में थी। इससे फेफड़ा व लिवर फट गया। पसलियां टूट गईं। गर्दन के पास पीछे की तरफ गोली से घाव के निशान प्रतीत हो रहे थे। इससे स्पष्ट है कि बदमाशों ने उसे भागने तक का मौका नहीं किया।
बरला के गांव गाजीपुर निवासी शिवनारायण दो भाइयों में बड़ा था। शादी नहीं हुई थी। खेतीबाड़ी करता था। वह गांव में ही अपने घर में परिवार के साथ रहता था। गुरुवार शाम को वह बाजार घूमने गया था। गोलगप्पे खाने के बाद घर लौट रहा था। करीब आधा किलोमीटर दूर तिराहे के पास बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उनके छोटे भाई रौदास गिरी ने बताया कि जब भाई को फोन लगाया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर तलाश की गई। रास्ते में नाले में उसका शव पड़ा मिला। अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले में शिवनारायण के पिता सांवल गिरी ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में पहुंचा तो कोहराम मच गया। पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस के अनुसार शिवनारायण 19 मार्च 2024 को जेल से छूटकर आया था। चूंकि उस पर कई मुकदमे थे तो रंजिश भी चल रही थी। जिले के अलग-अलग थानों में शिवनारायण पर 10 मुकदमे दर्ज थे। इनमें पशु चोरी, डकैती, लूट के अलावा दो बार गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि गोली मारने वाले बाइक पर आए थे। लेकिन, अभी स्पष्ट नहीं है कि हमलावर कितने थे और कैसे आए थे।






