एजेंसी

नवसारी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर गुजरात के नवसारी पहुंचे। खुली जीप में हेलीपैड से करीब 700 मीटर का रोड शो करते हुए वे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने डेढ़ लाख लखपति दीदियों से बात की। पीएम ने कहा कि मैं दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति हूं। क्योंकि, मेरे जीवन के खाते में करोड़ों माताओं-बहनों और बेटियों का आशीर्वाद जमा है। ये आशीर्वाद लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इससे पहले मुझे महाकुंभ में मां गंगा का आशीर्वाद मिला है और आज मातृशक्ति का आशीर्वाद मिला है। पीएम ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में महिलाओं को सभी अधिकार मिल गए हैं। पहले वहां महिलाएं मूलभूत सुविधाओं से वंचित थीं। पिछली सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं थी। हमने सरकार में आते ही सबसे पहले उन महिलाओं के लिए काम किया। इसके अलावा हमारी सरकार ने तीन तलाक के खिलाफ सख्त कानून बनाकर लाखों मुस्लिम महिलाओं की जिंदगी बर्बाद होने से बचाई। मातृत्व अवकाश 26 हफ्ते का किया पीएम ने कहा- चाहे सामाजिक क्षेत्र हो या खेल का मैदान, महिलाएं देश के हर क्षेत्र में मौजूद हैं।
2014 के बाद से देश में महत्वपूर्ण पदों पर महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ी है। केंद्र सरकार में सबसे ज्यादा महिला मंत्री, 2019 में पहली बार हमारी संसद में 78 महिला सांसद चुनी गईं हैं। कामकाजी महिलाओं को पहले सिर्फ 12 हफ्ते का मातृत्व अवकाश मिलता था। हमारी सरकार ने इसे 26 हफ्ते कर दिया है।महिलाओं के श्रम से देश का विकास हुआ पीएम ने कहा कि आज के कार्यक्रम की सारी जिम्मेदारी महिलाओं ने अपने ऊपर ली।
यह महिलाओं के ऊंचे आत्मविश्वास को दर्शाता है। भारत महिला नेतृत्व का एक महान उदाहरण है। महिलाओं के श्रम और पराक्रम से ही देश का विकास हुआ है। गुजरात के गांवों की लाखों महिलाओं ने आज दूध उत्पादन में क्रांति ला दी है। हमारी सरकार ने डेयरियों से दूध का पैसा सीधे बहनों के खाते में पहुंचाया। इसके अलावा कई योजनाओं का पैसा सीधे ट्रांसफर किया गया, जिससे बिचौलिए खत्म हो गए और इसका फायदा महिलाओं को मिला।





