ड्यूटी पर सोने वाले कॉन्स्टेबल को राहत
नई दिल्ली । ड्यूटी के दौरान सोने पर सस्पेंड हुए एक कॉन्स्टेबल को कर्नाटक हाईकोर्ट ने राहत दी है। कोर्ट ने कहा कि नींद और काम और जीवन में संतुलन बनाए रखना जरूरी है। दरअसल कर्नाटक स्टेट ट्रांसपोर्ट (केएसआरटीसी) के कॉन्स्टेबल के कुछ वीडियो वायरल हो गए थे, जिसमें वह ड्यूटी पर सोते नजर आ रहे हैं। इसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया था। कॉन्सटेबल ने निलंबन के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
याचिका पर जस्टिस एम नागप्रसन्न सुनवाई कर रही थे। उन्होंने कहा कि जब कॉन्स्टेबल को लंबे समय तक तय समय से ज्यादा काम कराया गया, तो ऐसे में उसे झपकी लेने के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्टाफ की कमी के कारण कॉन्स्टेबल 8 के बजाए 16 घंटे की नौकरी कर रहा था। कोर्ट ने उसे राहत दी है और सेवा में वापस लेने के आदेश जारी किए हैं साथ ही निलंबन की अवधि की सैलरी देने के भी आदेश दिया है।
जस्टिस नागप्रसन्न ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को उसकी क्षमता से ज्यादा काम करने के लिए कहा जाए तो कई बार शरीर को नींद की जरूरत पड़ती है क्योंकि आज के समय में नींद और वर्क लाइफ में बैलेंस बनाना बहुत जरूरी है। आज एक कॉन्स्टेबल है, कल कोई भी हो सकता है। इंसान को नींद से वंचित रखा जाएगा, तो वह कहीं भी सो जाएगा। कोर्ट ने यह भी कहा कि अगर याचिकाकर्ता तब ड्यूटी के दौरान सो जाता, जब उन्हें एक ही शिफ्ट में काम करना होता तो यह गलत होता।
इस मामले में याचिकाकर्ता को बगैर ब्रेक के 60 दिनों तक 24 घंटे में से 16 घंटे काम कराया गया। साथ ही कोर्ट ने यह भी कहा कि सभी को आराम का अधिकार है, जिसमें काम करने की सीमा और छुट्टियां भी शामिल हैं। कोर्ट ने कॉन्स्टेबल के निलंबन के आदेश को रद्द कर दिया है। 33 साल के चंद्रशेखर को जुलाई 2024 में सस्पेंड कर दिया था। वह अप्रैल 2024 में ड्यूटी के दौरान सोते पाए गए थे और उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद कल्याण कर्नाटक रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ने उन्हें निलंबित कर दिया था। कॉन्स्टेबल ने कोर्ट को बताया कि उनसे डबल शिफ्ट में काम कराया जा रहा था, जिसके चलते वह थक गए थे।
उन्होंने विजिलेंस रिपोर्ट का भी हवाला दिया और कहा कि जिस डिपो में वह काम करते हैं, वहां दो-तीन कर्मियों की कमी है। उन्होंने कोर्ट से कहा कि स्टाफ रखने के बजाए उन्हें बार-बार डबल शिफ्ट करने के लिए कहा जा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि वह डॉक्टर की दी गई दवा लेने के बाद सो गए थे।






