सुप्रीम कोर्ट ने जनहित याचिका को किया खारिज
नई दिल्ली । सुप्रीमकोर्ट ने एक जनहित याचिका को खारिज करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति (एससी) सूची में किसी भी समुदाय को शामिल करने या उसमें परिवर्तन करने का अधिकार केवल संसद को है। जस्टिस बीआर ग?वई की अगुआई वाली बेंच ने इस मामले में दाखिल याचिका वापस लेने की अनुमति देते हुए उसे खारिज कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया याचिकाकर्ता ने मांग की थी कि पूरे देश में आरे-कटिका (खटीक) समुदाय को अनुसूचित जाति (एससी) सूची में शामिल किया जाए। सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की बेंच ने साफ रूप से कहा कि जजों के पास एससी सूची में कोई बदलाव करने का अधिकार नहीं है। जस्टिस गवई ने याचिकाकर्ता के वकील से कहा कि ऐसी याचिका कैसे स्वीकार्य हो सकती है? सुप्रीम कोर्ट पहले ही कई बार इस मुद्दे को साफ कर चुका है। जब याचिकाकर्ता के वकील ने हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की अनुमति मांगी, तो बेंच ने जवाब दिया कि हाईकोर्ट के पास भी ऐसा कोई अधिकार नहीं है। केवल संसद ही यह कर सकती है। बेंच ने याचिकाकर्ता से कहा कि कोर्ट के पास अनुसूचित जाति सूची में किसी भी प्रकार का संशोधन करने का अधिकार नहीं है। याचिकाकर्ता का तर्क था कि आरे-कटिका (खटीक) समुदाय, जो हिंदू समुदाय का एक भाग है, सामाजिक रूप से पिछड़ा है। इस समुदाय के लोग मुख्य रूप से भेड़-बकरियों का वध और मांस बिक्री का काम करते हैं और समाज से अलग-थलग रहते हैं। कुछ राज्यों में यह समुदाय अनुसूचित जाति (एससी) में आते हैं, जबकि अन्य राज्यों में इसे अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में रखा गया है। कोर्ट ने मणिपुर के 2023 के एक मामले का हवाला दिया, जिसमें हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल करने पर विचार करने का निर्देश दिया था। इस फैसले के बाद राज्य में दंगे और हिंसा भड़क उठी थी। रिव्यू पिटिशन के बाद हाईकोर्ट ने अपने आदेश को निरस्त कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने इस घटना का जिक्र करते हुए साफ कहा कि जातियों की श्रेणी में बदलाव करने का अधिकार केवल संसद को है न कि अदालतों को।






