नई दिल्ली । महाकुंभ प्रयागराज के लिए दिल्ली से हर रोज कम से कम 100 विमान उड़ान भर रहे हैं। यात्रियों और विमानों के बढ़ती संख्या के बीच किराया भी आसमान छू रहा है। महाकुंभ अवधि में यहां से किसी भी दिन दिल्ली का किराया 13 हजार रुपये से कम नहीं है। कुछ तिथियों में किराया 20 हजार से भी ज्यादा पहुंच गया है। दो दिन से प्रयागराज एयरपोर्ट से संचालित होने वाले विमानों की संख्या 100 को पार कर चुकी है। फिर भी अधिकांश शहरों की सीधी उड़ान का किराया आसमान छू रहा है। ज्यादा किराया के बावजूद आसानी से सीट नहीं मिल पा रही है।
सबसे ज्यादा किराया यहां से बंगलूरू का लग रहा है। 18 फरवरी के लिए एक निजी कंपनी का विमान प्रति व्यक्ति बंगलूरू का किराया 39146 रुपये ले रहा है। महाकुंभ अवधि में बंगलूरू का किराया किसी भी दिन 22 हजार से कम नहीं है। कमोवेश यही स्थिति मुंबई की है। मुंबई के लिए 18 फरवरी को प्रयागराज से मुंबई के लिए सात सीधी उड़ान है।इन विमानों का न्यूनतम किराया सोमवार को 21974 रुपये दर्शाया जा रहा था। पुणे के लिए भी संचालित एक मात्र सीधी उड़ान का किराया 20 हजार से कम नहीं है। यही स्थिति हैदराबाद, कोलकाता, भुवनेश्वर जाने वाली फ्लाइट की भी है। इन सभी शहरों के लिए विमानन कंपनियां मुंह मांगा किराया ले रही हैं। खास बात यह है कि स्पाइस जेट, एयर इंडिया समेत आदि विमानन कंपनियों ने यहां अपने अधिकांश विमान 28 फरवरी तक ही चलाने का शेड्यूल जारी किया है। इसके बाद इन कंपनियों के विमान यहां से संचालित नहीं होंगे।






