नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के वैरिफिकेशन के लिए पॉलिसी बनाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सीजेआई संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की बेंच ने चुनाव आयोग को सख्त निर्देश दिया है कि सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने तक ईवीएम में कोई डेटा रिलोड न करें, न कोई डेटा डिलीट किया जाए। चुनाव आयोग को अब सुप्रीम कोर्ट में ईवीएम की मैमोरी और माइक्रो कंट्रोलर डिलीट करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी देना होगी। सुप्रीम कोर्ट में ये याचिका हरियाणा के पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल और 5 बार के विधायक लखन कुमार सिंगला ने लगाई थी। उन्होंने शीर्ष अदालत से ईवीएम की जांच के लिए मजबूत सिस्टम बनाने की मांग की थी।

उन्होंने अपनी याचिका में इस बात की मांग कि चुनाव आयोग ईवीएम के 4 कम्पोनेंट्स कंट्रोल यूनिट, बैलट यूनिट, वीवी पेट और सिंबल लोडिंग यूनिट की ओरिजनल बर्न मैमोरी और माइक्रोकंट्रोलर की जांच के लिए पॉलिसी तैयार करना चाहिए। 13 दिसंबर 2024 को हुई सुनवाई में जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस पीबी वराले की बेंच ने अपीलकर्ताओं से कहा कि याचिका यहां क्यों लाए हो, इस पुरानी बेंच के पास भेजना चाहिए। इसके पहले 26 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने पुराने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग वाली याचिका खारिज की थी और ईवीएम में गड़बड़ी की बात को निराधार बताया था।





