गृहमंत्री अमित शाह ने एनसीबी को बधाई दी
मुंबई । मुंबई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने हाल ही में 200 करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स जब्त की है। इसमें कोकीन, गांजा व कैनाबिस जैसे लगभग 22 किलोग्राम मादक पदार्थ शामिल हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर एनसीबी मुंबई को इस बड़े कार्रवाई के लिए बधाई दी है। जानकारी के अनुसार एनसीबी मुंबई ने विभागीय अतिरिक्त आयुक्त अमित घावटे के नेतृत्व में इस साल जनवरी महीने में 200 ग्राम कोकीन जब्त किया था। इस कार्रवाई के बाद, खुफिया जानकारी के आधार पर, एक अंतरराष्ट्रीय कूरियर कंपनी के कार्यालय में ऑस्ट्रेलिया जाने वाले एक पार्सल की जांच की गई। वहां से प्राप्त जानकारी के आधार पर तकनीकी और मानवीय अध्ययन किये गये। इसके बाद मुंबई विभागीय यूनिट को सूचना मिली कि इस तरीके से बड़ी मात्रा में ड्रग्स की तस्करी की जा रही है और पता चला कि ड्रग्स नवी मुंबई इलाके में है।

इस आधार पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में ड्रग्स जब्त की गईं। इसमें 11.540 किलोग्राम उच्च श्रेणी का कोकीन, 4.90 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा और 5.50 किलोग्राम कैनाबिस जब्त किया गया। इन ड्रग्स के 200 पैकेट थे। इसके साथ ही 1.60 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की गई है। इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच से पता चला है कि तस्करी में विदेशी गिरोह सक्रिय हैं। जब्त की गई कुछ ड्रग्स संयुक्त राज्य अमेरिका से मुंबई लाई गई थी। उसे मुंबई भेजने में विदेश से एक गिरोह सक्रिय था। इन ड्रग्स को मुंबई से देश के विभिन्न हिस्सों में दलालों और डीलरों तक कूरियर के जरिए पहुंचाया जाना था। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जांच से पता चला है कि इस चेन में शामिल दलाल एक-दूसरे के लिए अजनबी हैं और अलग-अलग नामों से एक-दूसरे के संपर्क में थे।





