नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में केन्द्र सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं और कार्यों से देश के राजस्व को हुए फायदे और गरीबों को मिले लाभ की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के समय 1 में से 15 पैसे ही जनता तक पहुंचते थे लेकिन अब उनकी सरकार में गरीबों को उनका हक मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने गरीबों को झूठे नारे नहीं, बल्कि सच्चा विकास दिया है। प्रधानमंत्री ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का उत्तर देते हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी के जातिगत मुद्दे उठाए जाने पर भी पलटवार किया और बताया कि उनकी सरकार कैसे देश की एकता बनाए रखते हुए समावेशी विकास के लिए कार्य कर रही है।

उनकी सरकार संविधान की भावना लेकर चलती है और उनकी पार्टी जहर की राजनीति नहीं करती। उन्होंने कहा कि देश की एकता हमारे लिए सर्वोपरि है। इसीलिए हमने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाई है। मोदी ने अपनी सरकार की ओर से ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिए जाने का भी उल्लेख किया और कहा कि जिन लोगों को आज जातिवाद में मलाई दिखती है उन लोगों को उस समय ओबीसी की याद नहीं आई। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2014 का जिक्र कर कहा कि मान्य विपक्ष नहीं होने के बावजूद संविधान की भावना को बनाए रखते हुए कई महत्वपूर्ण समितियों में नेता विपक्ष से जुड़ी बाध्यता दूर किया गया। उन्होंने कहा कि पहले चुनाव आयोग में नियुक्ति केवल प्रधानमंत्री ही अपने स्तर पर कर दिया करते थे लेकिन उनकी सरकार ने आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में विपक्ष के नेता को भी शामिल कराया है।





