संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। झारखंड में नगर निकाय , नगर परिषद की चुनाव जल्द होने की संभावना है। इसके लिए राज्य सरकार रूपरेखा तैयार करने में जुटी है।उक्त बातें पाकुड़ परिसदन भवन में राजमहल सांसद विजय हांसदा ने कही । पत्रकारों से बातचीत करने के क्रम में राजमहल सांसद विजय हसदा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कई कारणों से विलंब जरूर हुआ है, किंतु सरकार के पूरी तरह से संज्ञान में है और उसकी तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो शीघ्र ही इसकी घोषणा सरकार द्वारा कर दी जाएगी। पाकुड़ में बिना टेंडर योजनाओं के कार्यों के निष्पादन कराने की चर्चा पर पूछे गए सवाल में सांसद ने कहा कि इसकी जानकारी मिली है।बिना टेंडर वर्क की सूची हमें उपलब्ध कराएं । मामले में अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। बिना टेंडर के किसी भी कार्य का होना गलत है। अगर ऐसा हुआ है तो जिम्मेदारी के साथ इस वस्तु स्थिति की जायजा लिया जाएगा और जिले में ऐसा नहीं हो। इस संबंध में निर्देशित किया जाएगा । वही लिट्टीपाड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना का काम अधूरा रहने के मामले में सांसद ने कहा कि दिशा की बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया गया है कि जल्द कार्य को पूरा कर ग्रामीण इलाकों में शुद्ध पेयजल मुहैया कराया जाएगा। सांसद ने कहा कि ग्रामीण जलापूर्ति योजना में कार्य कर रहे लापरवाह संवेदक को हटाया गया है और इसका फिर से टेंडर निकाला जाएगा और कार्य तेज गति से कराया जाएगा।
इस दौरान सांसद ने पाकुड़ परिसदन में आम जनता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और समस्याओं को सुनने के बाद अधिकारियों को जल्द समस्याओं का निष्पादन का निर्देश दिया। सांसद ने कहा कि क्षेत्र के बहुत ऐसे लोग हैं जो अपनी समस्या के लिए मिल नहीं पाते हैं और उनकी समस्याओं का निदान नहीं हो पा रहा जन समस्याओं के निदान हेतु मैं परिषद भवन में आया हूं और लोग मिल रहे हैं लोगों की समस्या का समाधान की दिशा में पूरा प्रयास किया जा रहा है।ग्रामीणों ने सांसद को पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, पेंशन आदि से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया और समाधान की मांग की ।


