नई दिल्ली । पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल करोड़पति हैं। अरविंद केजरीवाल से अधिक संपत्ति उनकी पत्नी और पूर्व नौकरशाह सुनीता केजरीवाल के नाम है। अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी के नाम कुल 4.23 करोड़ की संपत्ति है। वहीं, केजरीवाल के खास और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन पर 13 करोड़ से अधिक का कर्ज हैं।आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। अरविंद केजरीवाल ने नामांकन पत्र के साथ जो हलफनामा दायर किया है, उसके मुताबिक वह करोड़पति हैं।
अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में बताया है कि उनके पास कुल 1.73 करोड़ की संपत्ति है। उनके पास 50 हजार रुपए कैश और 2.96 लाख रुपए सेविंग अकाउंट में हैं। उन्होंने अपनी अचल संपत्ति 1.7 करोड़ रुपए बताई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके नाम कोई घर या कार नहीं है। आप मुखिया ने कहा कि 2023-24 में उनकी कुल आमदनी 7.21 लाख थी।
अरविंद केजरीवाल से अधिक संपत्ति उनकी पत्नी सुनीता के पास है जो आईआरएस अधिकारी रह चुकी हैं। सुनीता केजरीवाल के पास कुल 2.5 करोड़ की संपत्ति है। इसमें 1 करोड़ से अधिक अचल संपत्ति है, जिसमें 25 लाख रुपए का 320 ग्राम सोना, 90 हजार की एक किलो चांदी शामिल है। वहीं उनके 1.5 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। केजरीवाल की पत्नी के नाम गुरुग्राम में एक घर और पांच सीटर कार है।
सत्येंद्र जैन भी करोड़पति,पर कर्ज अधिक
दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन ने शकूरबस्ती सीट से नामांकन दाखिल किया है। जैन के हलफनामे के मुताबिक, उनके पास करीब 4.4 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है। इसमें 30.67 लाख की चल और 4.12 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। जैन ने बताया है कि उन पर 13,32,79,353 की देनदारी है। 2020 के मुकाबले सत्येंद्र जैन की चल संपत्ति में 4.15 लाख रुपए की बढ़ोतरी हुई है, जबकि अचल संपत्ति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


