देवघर। पंडा धर्म रक्षिणी सभा ने आज गौमुख गंगोत्री समाज के बैनर तले अजगैबीनाथ धाम से बैद्यनाथ धाम तक की विश्व कल्याणार्थ दंडी यात्रा के प्रतिभागियों का भव्य सम्मान किया। यह यात्रा अपने 47वें दिन देवघर के दर्शनीय मोड़ पहुंची, जहां सभा के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण और अंगवस्त्र देकर यात्रा में शामिल सदस्यों का स्वागत किया। इस यात्रा में शामिल गौमुख गंगोत्री समाज के रोहित चरण मिश्र, अनिल मिश्र, कुंदन खवाड़े, राजू झा, सिद्धार्थ खवाड़े, अजय कर्मेह, जितेंद्र और दिवाकर को पंडा धर्म रक्षिणी सभा द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में सभा के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े और संजय मिश्रा तथा मंत्री अरुणा नंद झा ने संयुक्त रूप से कहा कि आज के भौतिकवादी युग में, जहां अधिकांश लोग केवल अपने स्वार्थ में लिप्त हैं, इन दंडी बाबाओं की यात्रा विश्व कल्याण और मानवता की सेवा के लिए प्रेरणास्रोत है। यह सनातन धर्म की परंपराओं और मूल्यों को संरक्षित करने का अनूठा प्रयास है।”
सभा ने यह भी स्पष्ट किया कि पंडा धर्म रक्षिणी सभा भविष्य में भी धर्म और सनातन परंपराओं की रक्षा के लिए समर्पित रहेगी और धर्म के ध्वजवाहकों का सम्मान करती रहेगी।


