देवघर । आज मकर संक्रांति के अवसर पर देवघर स्थित पवित्र द्वादश ज्योर्तिलिंग में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। इस दिन विशेष रूप से बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण और पूजा अर्चना के साथ तिल और दही-चूड़ा चढ़ाने की प्राचीन परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि मकर संक्रांति के दिन तिल और दही-चूड़ा का भोग चढ़ाने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, मकर संक्रांति के दिन नई फसल से तैयार चूड़ा बाबा बैद्यनाथ को अर्पित करने से सालभर की मंगल कामना होती है।
इस दिन से एक माह तक लगातार बाबा को नई फसल का चूड़ा चढ़ाया जाएगा। इसके अलावा, तील और तील से निर्मित मिठाई भी चढ़ाई जाती है। मकर संक्रांति का महत्व न केवल धार्मिक है, बल्कि यह ऋतु परिवर्तन का भी प्रतीक है। इस दिन सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है, जिसके साथ ही दिन लंबा और रात छोटी होने लगती है। साथ ही, यह दिन नई ऊर्जा, समृद्धि और पवित्रता का प्रतीक भी माना जाता है। देश-विदेश से श्रद्धालु इस विशेष अवसर पर बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करने के लिए देवघर पहुंचते हैं। मकर संक्रांति का पर्व पवित्र नदी में स्नान और दान के माध्यम से पुण्य की प्राप्ति का अवसर भी प्रदान करता है।


