जामताड़ा : महाविद्यालय जामताड़ा के मुख्य गेट पर जड़ा ताला मंगलवार को प्राचार्य की उपस्थिति में तोड़ दिया गया । सनद रहे कि करीब 46 दिनों से महाविद्यालय शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का हड़ताल चल रहा है और अपनी मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने न सिर्फ कार्य स्थगित किए थे बल्कि महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया था। ताला टूटने के बाद ऐसी संभावना जताई जा रही है कि विश्वविद्यालय सहित सभी महाविद्यालय में कामकाज बुधवार से कैंपस में ही निष्पादन किये जाएंगे। बता दें कि मंगलवार को सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलपति के आदेश पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य कौशल वार्ता के लिए गठित टीम के साथ धरने पर बैठे कर्मचारियों से बात करने पहुंचे। कर्मचारियों का एक ही कहना था कि विश्वविद्यालय में जब भी इस तरह का आंदोलन हुआ है तत्कालीन प्रशासन ताला तोड़कर अंदर गए हैं तो आप भी ताला तोड़कर ही महाविद्यालय में प्रवेश करें अन्यथा हम लोग ताला नहीं खोलेंगे। उसी क्रम में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ने महाविद्यालय के मुख्य गेट पर लगा ताला तोड़कर महाविद्यालय में प्रवेश किया। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वविद्यालय से आदेश आया है कि 15 जनवरी को महाविद्यालय में कार्यों को सुचारू रूप से प्रारंभ करें, इसीलिए आज हम अपने टीम के साथ महाविद्यालय के मुख्य गेट पर लगे ताला को तोड़कर सभी कर्मचारियों से वार्ता करने पहुंचे हैं। इसकी रिपोर्ट आज ही विश्वविद्यालय को दे दी जाएगी और कल से पठन-पाठन प्रारंभ की जाएगी। वही कर्मचारी संघ के सचिव तपस कुमार चौबे ने बताया कि हम सबों का मांग बिल्कुल जायज है। यह मांग 2016 में ही पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन 2024 बीत चुका है पर अभीतक हमारी मांगे पूरी नहीं की गई है। हम अपना हक मांग रहे हैं, जो विश्वविद्यालय प्रशासन हमें नहीं दे रही है, इसलिए जब तक संघ का निर्णय नहीं आ जाता है तब तक हमारा यह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगा।


