नाला (जामताड़ा)– सोमवार को सुबह करीब 9 बजे नाला-दुमका मुख्य मार्ग पर घोलजोड़ के समीप एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक नाला से दुमका की ओर जा रही थी। उक्त ट्रक में फॉर्च्यून कंपनी का तेल लोड था, जिसमें फॉर्च्यून कंपनी के टिन के डिब्बे और कार्टून तथा पाउच का पैकेजिंग तेल था। ट्रक पलटने की दुर्घटना से तेल के डिब्बे और कार्टून सड़क पर बिखर गए। वहीं स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नाला थाना प्रभारी प्रदीप राणा के निर्देश पर सहायक पुलिस और निरीक्षक संजय गहलोत सहित अन्य पुलिस अधिकारी सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रक तथा तेल के कार्टून और डिब्बों को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। इस सड़क दुर्घटना में चालक और अन्य किसी को भी चोट नहीं आई है। चालक ने बताया कि टायर फटने से और गाड़ी का पट्टी टूट जाने से यह दुर्घटना हुई, जिसके कारण गाड़ी पलट गई। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का नंबर डब्ल्यूबी 29 सी 0859 है। इस सड़क दुर्घटना में ट्रक दुर्घटनावश मुख्य सड़क के बीचो-बीच गिर गया है, जिसके कारण छोटी बड़ी वाहनों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को रास्ते से हटाने के लिए क्रेन को बुलाया गया और आवागमन को सुचारु किया गया।


