एक जनवरी को पूजा करने बासुकीनाथ मंदिर पहुंचे थे जयपुर हाईकोर्ट के जस्टिस भुवन गोयल
बासुकीनाथ मंदिर में भीड़ का लाभ उठाकर चोरों ने जस्टिस का मोबाइल चुरा लिया था
जरमुंडी । बासुकीनाथ मंदिर से चोरी हुए जयपुर हाईकोर्ट के जस्टिस के मोबाइल फोन समेत पुलिस ने अंतरप्रांतीय गिरोह के चार चोरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार मोबाइल चोरों के पास से चोरी के 8 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि नववर्ष के उपलक्ष्य पर पहली जनवरी को पूजा अर्चना करने के लिए जयपुर हाई कोर्ट के जस्टिस भुवन गोयल बासुकीनाथ मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान भीड़ का लाभ उठाकर चोरों ने बासुकीनाथ मंदिर में चीफ जस्टिस के मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। मामला हाईकोर्ट के जस्टिस का था, सो पुलिस ने भी बड़ी तत्परता दिखाते हुए बिहार, पश्चिम बंगाल और बांग्ला देश बॉर्डर से अंतरप्रांतीय मोबाइल चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चोरों के पास से जस्टिस के मोबाइल सहित चोरी के अन्य 8 मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।इस संदर्भ में जरमुंडी थाना प्रभारी श्यामानंद मंडल ने बताया कि पहली जनवरी 2025 को बासुकीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ थी। जिसका लाभ उठाकर चोरों ने राजस्थान, जयपुर हाईकोर्ट के जस्टिस के मोबाइल सहित अन्य श्रद्धालुओं के कई मोबाइल चुरा लिए थे। इस संबंध में जरमुंडी थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पदाधिकारीयों के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य से साहिबगंज जिला के तीन पहाड़ के मोबाइल चोर गिरोह की संलिप्तता का पता चली। अनुसंधान के आधार पर तीन पहाड़ के बाबूपुर गांव से दो मोबाइल चोर को गिरफ्त में लिया गया। गिरफ्तार चोरों के निशानदेही पर बिहार, पश्चिम बंगाल एवं बंगलादेश बार्डर से अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया एवं चोरी के मोबाइल फोन बरामद किया गया। थाना प्रभारी श्यामानंद मंडल ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों को दुमका न्यायालय में उपस्थापित करते हुए जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का साहिबगंज के तीन पहाड़ से संबंध है और इनका आपराधिक इतिहास भी रहा है। गिरफ्तार अंतरप्रांतीय गिरोह के चोर, देवघर एवं बासुकीनाथ मंदिर सहित भीड़-भाड़ वाले अन्य इलाकों में लोगों का मोबाइल चुराने का काम करते थे और चुराए मोबाइलों को साहिबगंज के तीन पहाड़ भेजा करते थे। जहां से अन्य राज्यों व बांग्लादेश में मोबाइल को बेचा जाता था।


