श्रीराम भगत
अमड़ापाड़ा (पाकुड़) । अमड़ापाड़ा-आलूबेड़ा कोयला परिवहन मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय युवती की मौत हो गई। यह घटना छोटापहाड़पुर के पास हुई, जहां कोल कंपनी डीबीएल के अधीन कोयला परिवहन में लगे हाइवा (वाहन संख्या जेएच 10 सी एक्स 7614) ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। मृतका की पहचान आलूबेड़ा गांव के रायसन सोरेन की बेटी रिया सोरेन (16) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रायसन सोरेन अपनी बेटी रिया और बेटे राहुल सोरेन के साथ बाइक से अमड़ापाड़ा बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छोटापहाड़पुर के पास हाइवा ने पीछे से टक्कर मार दी जिससे बाइक पर सवार तीनों जमीन पर गिर गए। हाइवा की चपेट में आने से रिया गंभीर रूप से घायल हो गई।

इलाज के दौरान मृत घोषित :- घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बीजीआर के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायल रिया को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हाइवा चालक हिरासत में :- घटना के बाद हाइवा चालक वाहन को लेकर भागने की कोशिश में पीछे खड़ी एक अन्य हाइवा वाहन संख्या जेएच 04 एडी 9600 से भी टकरा गया, जिससे वह वाहन भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाइवा चालक को हिरासत में ले लिया।
सड़क जाम और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल :- दुर्घटना के बाद मृतका के परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर कोयला परिवहन को बाधित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था।



