दुमका ब्यूरो
दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका एवं अंतर्गत सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के कर्मचारियों के हड़ताल का शुक्रवार को 46वां दिन है और इस विश्वविद्यालय का 34वां स्थापना दिवस भी। कर्मचारी शुक्रवार को भी अपने आंदोलन पर डटे थे और सभी महाविद्यालयों के कर्मचारी आंदोलन में मौजूद रहे। चूंकि आज स्थापना दिवस था और विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कर्मचारियों को इस स्थापना दिवस के लिए कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई थी इसलिए कर्मचारियों द्वारा अलग से स्थापना दिवस का आयोजन किया गया। प्रेमचन्द किस्कू जो एक कर्मचारी एवं दिग्घी ग्राम के प्रधान भी हैं के अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया एवं सभी कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित सिदो कान्हु मुर्मू की आदमकद प्रतीमा पर माल्यार्पण किया एवं चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद कुमार के साथ प्रक्षेत्रीय महासंघ के महासचिव नेतलाल मिर्धा एवं अध्यक्ष परिमल कुंदन भी मौजूद थे। महासचिव नेतलाल मिर्धा ने बताया कि उच्च शिक्षा निदेशालय एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता के कारण हमें सातवें वेतनमान में वेतन निर्धारण नहीं किया जा रहा है और जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती है हड़ताल जारी रहेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता एवं कर्मचारियों के प्रति संवेदनहीनता पर क्षोभ व्यक्त करते हुए श्री मिर्धा ने कहा अब आंदोलन को और उग्र किया जाएगा ताकि हमारी बात सरकार एवं राजभवन तक पहुंचे।


