दुमका। सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने वर्तमान कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल के व्यापक प्रभाव को देखते हुए प्रभारी कुलपति प्रो0 बिमल प्रसाद सिंह एवं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारियों से मिलकर इस गंभीर मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की तथा शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि कर्मचारियों की समस्या का यथाशीघ्र समाधान किया जाए ताकि संथाल परगना प्रमंडल में उच्च शिक्षा की व्यवस्था पुनः सुचारू रूप से स्थापित हो सके। शिक्षक संघ के समस्त प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न विकल्पों पर विचार किया तथा समस्या का समाधान कैसे हो इस पर आवश्यक बैठक करने का भी निर्णय लिया। यह भी महत्वपूर्ण है कि सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय संथाल परगना में उच्च शिक्षा का एकमात्र संस्थान है, हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि वर्तमान सरकार को प्रचंड बहुमत दिलाने में संथाल परगना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, परंतु विगत पैंतालीस दिनों से कर्मचारियों की न्यायोचित अनिश्चितकालीन हड़ताल पर ध्यान न देना इस क्षेत्र के प्रति सौतेलापन एवं घोर उपेक्षा प्रतीत होता है। शिक्षक प्रतिनिधियों ने चिंता व्यक्त की मानव संसाधन उच्च शिक्षा विभाग को और भी सवेदनशील होकर कर्मचारियों की समस्या के समाधान पर समुचित ध्यान देना चाहिए था। अतः समस्त शिक्षक संघ प्रतिनिधि मंडल वर्तमान सरकार से अनुरोध करती है कि इस मामले में यथाशीघ्र हस्तक्षेप कर इसका समाधान निकाले, हो सके तो उच्च शिक्षा एवं तकनिकी विभाग को यहां कैम्प लगाकर विश्वविद्यालय परिसर में आकर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए तथा सरकार की महत्वपूर्ण योजना “आपकी सरकार आपके द्वार” का वादा पूरा करना चाहिए ताकि इस क्षेत्र एवं संथाल परगना समाज के सभी छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा का समुचित लाभ मिल सके। इस वार्ता में मुख्य रूप से सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय शिक्षक संघ, सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय आदिवासी शिक्षक संघ एवं अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के निम्नलिखित प्रतिनिधि सम्मलित हुए डॉ अंजुला मुर्मू, डॉ सुजीत कुमार सोरेन, डॉ राजीव रंजन, डॉ मेरी मार्ग्रेट टुडू, डॉ राजीव केरकेट्टा, डॉ स्वेता मरांडी, डॉ सैमुएल किस्कू, डॉ प्रीति किरण हांसदा।




