755 मोबाइल,1126 सिम कार्ड,115 एटीएम, 20 पासबुक,06 लैपटॉप,04 बाइक,02 कार जब्त
शेखर सुमन
देवघर। झारखंड के देवघर जिले में साइबर अपराध के मामलों में तेजी से वृद्धि के बीच पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले एक साल में देवघर पुलिस ने 700 से अधिक साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जिले में कुल 140 से अधिक साइबर अपराध से जुड़े मामले दर्ज किए गए हैं।

साइबर अपराधियों के लिए प्रतिबिंब पोर्टल बना काल:
झारखण्ड में साइबर अपराधियों के लिए प्रतिबिंब पोर्टल काल बन गया है। 20 नवंबर 2023 को झारखण्ड में साइबर अपराधियों के विरुद्ध गिरफ्तारी और साइबर अपराध पर काबू पाने के लिए इसकी शुरुआत की गई थी। इसके लागू होने के साल बीतने के बाद देवघर जिला सबसे आगे है। देवघर में पिछले एक साल के दौरान सर्वाधिक 700 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
साथ ही 755 मोबाइल,1126 सिम कार्ड,115 एटीएम कार्ड,20 पासबुक,06 लैपटॉप,04 बाइक,02 कार जब्त किया है। वहीं साइबर अपराधियों ने जामताड़ा के बाद अपना नया ठिकाना बदल कर देवघर बना लिया है। इसलिए देवघर जिले में सबसे अधिक अब साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हो रही है।
क्या कहते है पुलिस अधीक्षक:
देवघर एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग ने कहा कि सबसे ज्यादा साइबर अपराध देवघर जिले में देखने को मिले हैं. इसीलिए पूरे राज्य में सबसे ज्यादा गिरफ्तारी भी देवघर जिले में ही की गई है.साथ ही साइबर से जुड़े बढ़ते अपराध पर नियंत्रण पाने के लिए जिले के अधिकारियों को खासा दिशा निर्देश भी दिए जा रहे हैं. वहीं आवश्यक दिशा निर्देश के साथ साइबर थाना के पुलिसकर्मियों को विशेष ट्रेनिंग भी दी जा रही है।
क्या कहते है देवघर के पुलिस प्रवक्ता सह डीएसपी:
जिले के पुलिस प्रवक्ता प्रवक्ता सह डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि साइबर अपराध के लिए देवघर अभी सबसे महत्वपूर्ण स्थान बन चुका है. पिछले कुछ वर्षों में सबसे ज्यादा साइबर ठगी के मामले देवघर जिले में देखने को मिल रहे हैं. इसलिए जिले की पुलिस को साइबर क्राइम को कम करने के लिए स्पेशल ट्रेनिंग भी दी जा रही हैं।
लगातार बढ़ती साइबर ठगी को देखते हुए यहां के पुलिस वालों के लिए साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी सबसे बड़ी चुनौती है. जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए दिशा निर्देश के अनुसार देवघर के पुलिसकर्मी लगातार साइबर अपराधियों पर अपनी पैनी नजर बनाकर रखे हुए हैं।



