संवाददाता
फतेहपुर, (जामताड़ा)। सड़क सुरक्षा के तहत शनिवार को गोविंदपुर-साहिबगंज पथ पर फतेहपुर थाना के सामने थाना प्रभारी रंजीत प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट बांधे दो पहिया एवं चार पहिया वाहन चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर उन्हें उनकी गलतियों का आभास दिलाते हुए भविष्य में बिना हेलमेट ड्राइविंग ना करने की सलाह दी गई। साथ ही मोटरसाइकिल में हेलमेट रहते हुए भी ड्राइविंग के दौरान हेलमेट का प्रयोग नहीं करने पर उन्हें चेतावनी देते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना के प्रावधान से उन्हें अवगत कराया गया। साथ ही चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट के प्रयोग पर ध्यान दिलाते हुए चालकों को दुर्घटनाओं से अवगत कराया गया। इस दौरान बिना हेलमेट दर्जनों बाइक सवारों को रोककर सड़क सुरक्षा के नियमों की उन्हें जानकारी दी गई। इस अवसर पर थाना प्रभारी रंजीत प्रसाद गुप्ता ने बताया कि आजकल छोटे छोटे उम्र के बच्चे बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना हेलमेट के ही वाहनों की ड्राइविंग करते हैं जो नियमानुसार अपराध है। इतना ही नहीं, एक हाथ से बाइक की हैंडल और दूसरे हाथ में मोबाइल से बातें करते हुए भी उन्हें वाहनों की ड्राइविंग करते हुए देखा जाता है जो दुर्घटना का सबसे बड़ा कारण है। ड्राइविंग के दौरान हेडफोन पर गाने सुनना और बाइक चलाना दुर्घटनाओं को आमंत्रित करने जैसा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि जब तक उनके बच्चे निर्धारित उम्र के नहीं हो जाते, किसी भी सूरत में उनके हाथों में बाइक ना दें। इस दौरान कई कम उम्र के बच्चों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए आगे ऐसी गलती न दुहराने का संकल्प लिया। इस दौरान एएसआई सुप्रभा मुर्मू समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


