शेखर सुमन
-
त्रिकूट पहाड़:
अगर आप कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो एक बार देवघर जरूर जाएं। ऐसा माना जाता है कि यहां के एक- एक कंकड़ में भगवान शिव का वास है। देवघर में जितने भी धार्मिक स्थल हैं, उसके साक्ष्य भी मौजूद हैं। यहां आना आपके लिए रोमांच से भरा होगा। अगर आपको पहाड़ पसंद हैं तो देवघर का त्रिकूट पहाड़ आपके लिए बेहतर ऑप्शन हो सकता है. यहां से तकरीबन 20 किलोमीटर की दूरी पर हरीभरी हसीन वादियों के बीच आप त्रिकूट पर्वत घूमने जा सकते हैं। इस पर्वत से त्रेता युग के कई रहस्य जुड़े हैं। लोगों का ऐसा मानना है कि यहां लंकापति रावण का हैलीपैड था। और वह यहां अपने पुष्पक विमान से तपस्या करने आया करता था। यहीं नहीं मान्याता है कि यहां रावण और जटायू के बीच युद्ध भी हुआ था। यहां आपको एक से बढ़कर एक मनमोहक दृश्य नजर आएंगे।
-
तपोवन पहाड़:
तपोवन पहाड़ अपने साथ आध्यात्मिक व धार्मिक इतिहास भी समेटे हुए है। मान्यता है कि तपोवन बालानंद ब्रह्मचारी की 44 वर्ष की कठोर तपस्या से खुश होकर भगवान शंकर ने उन्हें खुद दर्शन दिया था. बालानंद ब्रह्मचारी महाराज ने 1882 में पहाड़ की गुफा में आकर तपस्या शुरू की थी और 1926 में उन्हें भगवान भोलेनाथ के दर्शन भी हुए. बालानंद महाराज मूल रूप से उज्जैन के रहने वाले थे. उनकी तपस्या के दौरान दो बाघ उनके रक्षक थे. उन बाघों की अस्थियां भी पहाड़ पर मौजूद है. तपोवन पहाड़ का धार्मिक महत्व रामचरित मानस से भी जुड़ा हुआ है. लोगों का कहना है कि प्रभु श्रीराम 14 वर्ष का वनवास काटने के बाद अयोध्या लौटे. इसके बाद देश में चार तपोवन का दर्शन करने राम, लक्ष्मण, सीता व हनुमान आये थे. उसी दौरान हनुमान ने सीता माता को बताया था कि, जब रावण शिवलिंग ले जाने में कामयाब नहीं हुआ था तो उसने शिवलिंग ले जाने के लिए तपोवन पहाड़ पर आकर तपस्या शुरू की थी. देवताओं के कहने पर हनुमानजी ने उनकी तपस्या भंग की थी।
-
नंदन पहाड़:
देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम के मंदिर और रेलवे स्टेशन से तीन किलोमीटर और देवघर बस स्टैंड से 2 किलोमीटर की दूरी पर नंदन पहाड़ स्थित है. इस पहाड़ को प्रकृति की खूबसूरती का उपहार तो मिला ही है पौराणिक मान्यताओं और कथाओं के चिन्हों से भी यह पहाड़ भरा पड़ा है।
नंदन हिल में एक बगीचा, तालाब और नंदन हिल एंटरटेनमेंट पार्क नाम का एक प्रसिद्ध थीम पार्क है जो एक मनोरंजन पार्क के रूप में काम करता है जिसमें कई तरह की सवारी होती है जिसका आनंद हरे भरे बगीचे के बीच लिया जा सकता है।
आज कल इस नंदन पहाड़ को धार्मिक दृष्टि से कम पर्यटन के दृष्टि से अधिक देखा जाता. यहाँ बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजन के साधन जैसे झूले, बूट हाउस, भूत घर, डायनासोर स्लाइडिंग, राक्षस स्लाइडिंग, परी फ़ुब्बारा, मिरर हाउस और रेस्टोरेंट तथा विभिन्न प्रकार के जीव-जन्तु की प्रतिमाएँ हैं।
-
नौलखा मंदिर:
देवघर को देवों की नगरी कहा जाता है. यहां कई देवी देवताओं के मंदिर स्थापित हैं. 12 ज्योतिर्लिंगों में एक यहां बाबा बैद्यनाथ का मंदिर है. यहां से 1.5 किमी की दूरी पर स्थित करनीबाग में नौलखा मंदिर है. यहां बाल गोपाल की प्रतिमा स्थापित है. इनके दर्शन व पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है. यह मंदिर वास्तुकला का एक बेहतरीन उदाहरण है. 146 फीट ऊंचे नौलखा मंदिर का निर्माण पश्चिम बंगाल के पथुरिया घाट राज घराने की रानी चारूशिला के द्वारा 1941 में कराया गया था. कहा जाता है कि इसके निर्माण में 9 लाख रुपये की लागत आई थी. इसलिए इसका नाम नौलखा मंदिर पड़ा है।
-
बुढ़ई पहाड़:
देवघर। देवघर से 25 किलोमीटर की दूरी सत्संग-भिरखीबाद रोड के किनारे बुुढ़ई पर्वत धार्मिक व पर्यटन स्थल के रुप में प्रसिद्ध है. बुढई पर्वत पतरो नदी के किनारे है. पहाड़ की चोटी से पतरो नदी की खुबसूरती पर्यटकाें को आकर्षित करती है. पहाड़ व नदी के सौंदर्यता के बीच पिकनिक का अलग ही आनंद है.दिसंबर का माैसम आते ही बुढ़ई में पिकनिक करने लोग पहुंचने लगे हैं. बुढई में मां बुढ़ेश्वरी मंदिर का दर्शन करने भी लोग पहुंचते हैं. पहाड़ की तलहट्टी में तालाब भी पर्यटन का केंद्र है. बुुढ़ई में पर्यटन कॉम्प्लेक्स भी है, यहां भी पर्यटक रुककर पिकनिक का आयोजन कर सकते हैं।


