महागामा प्रतिनिधि (गोड्डा) / नगर में अतिक्रमण हटाने का अभियान चौथे दिन भी जारी रहा। नगर प्रबंधक रोहित कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यहां प्रशासन ने मुख्य मार्ग से मोहनपुर चौक, फल विक्रेता, गुमटियां, और अन्य अवैध ढांचों को हटाकर जमीन को समतल कराया। अंचलाधिकारी डा. खगेन महतो ने चेतावनी दी कि बाजार क्षेत्र में जिन लोगों ने अतिक्रमण किया है, वे इसे स्वयं हटा लें अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर प्रबंधक रोहित गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को अभियान मोहनपुर चौक से मुख्य मार्ग तक किया गया। उसके उपरांत हटिया चौक, पुरानी मुख्य बाजार और रेफरल अस्पताल रोड तक अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जाएगा। फुटकर विक्रेताओं और मुर्गा दुकानदारों ने प्रशासन से व्यवस्थित दुकानें और परिसर की मांग की, जिससे वे अपनी जीविका चला सकें। दुकानदारों का कहना है कि वे नगर पंचायत को प्रतिदिन टैक्स देते हैं, फिर भी हर साल उनकी दुकानें तोड़ दी जाती हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ और सरकारीजमीन पर स्थायी दुकान लगाना कानून के खिलाफ है। विक्रेताओं को ठेले पर व्यवसाय करने और दिन के अंत में ठेले हटाने का सुझाव दिया गया। अंचलाधिकारी ने जानकारी दी कि गोचर जमीन पर भविष्य में डिग्री कालेज के समीप केंद्रीय विद्यालय और पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, बस स्टैंड और अन्य सुविधाओं के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं ताकि महागामा क्षेत्र को और विकसित किया जा सके। अतिक्रमण हटाने के बाद सरकारी जमीन की नापी करवाई जाएगी। इस अभियान में, कनीय अभियंता सिविल कृष्ण कुमार पाठक, कनीय अभियंता सिविल सुनील उराँव, नगर पंचायत पर्यवेक्षक दिलदार अंसारी, चंदन कुमार, नगर पंचायत कर्मी और पुलिस बल शामिल थे।


