दुमका। नए साल पर बिहार झारखंड के बॉडर इलाकों में शराब एंट्री रोकने और तस्करों पर नकेल कसने के लिए शुकवार को झारखंड और बिहार उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने बिहार से सटे दुमका जिले के क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर अभियान चलाया। दो राज्यों के उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड से सटे झारखंड बिहार बॉडर स्थित सालजोरा बंदरी, गादीझोपा, दिग्घी, कोरडाहा और बनियारा पंचायत के गांवों में पेट्रोलिंग कर कई संभावित शराब तस्करों के ठिकाने पर छापामारी की। हालांकि इस दौरान टीम को कहीं कोई सफलता नहीं मिली। संयुक्त टीम के द्वारा जानकारी दी गई कि बॉडर इलाकों में पुलिस के साथ उत्पाद विभाग की टीम विशेष निगरानी रख रही है। बिहार में पुनतः शराबबंदी है और इसके लिए दोनों राज्य आपसी सामंजस्य स्थापित कर पैट्रोलिंग की व्यवस्था मजबूत कर रही है, ताकि बिहार बॉडर पर किसी भी तरह की शराब की एंट्री न हो। साथ ही किसी भी तरह से बड़े तस्करों को बिहार बॉडर क्रॉस करने से रोका जा सके इसके लिए बॉडर पर विशेष टीम की तैनाती की गई है। इस दौरान उत्पाद विभाग दुमका के एसआई प्रेम रंजन, मोतीलाल बंकिरा, उत्पाद विभाग बांका बिहार के एसआई कुमार गौरव, अश्वनी कुमार सहित दोनों राज्य के उत्पाद विभाग की टीम मौजूद थे।


