महागामा संवाददाता : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सह रेफरल अस्पताल परिसर में खड़ा एंबुलेंस धूल फांक रहा है। मालूम हो कि विधायक दीपिका पांडे सिंह के पहल पर कोरोना काल में एनटीपीसी कहलगांव के सीएसआर फंड से एक एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महागामा को प्रदान किया गया था। जिससे मरीज को इलाज कराने में सुविधा हो। लेकिन आज अस्पताल परिसर में दो एम्बुलेंस झाड़ियां के बीच जंग खा रही है। एम्बुलेंस धीरे-धीरे जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। स्थानीय पंकज कुमार, प्रदीप कुमार, सुमन कुमार, पवन सिंह आदि ने बताया कि अस्पताल से अक्सर मरीजों को रेफर किया जाता है। लेकिन अस्पताल का एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण विशेष परिस्थिति में किराए पर निजी वाहन से इलाज कराने गोड्डा, भागलपुर सहित अन्य जगहों पर जाना पड़ता है। वही आपातकाल स्थिति में 108 एम्बुलेंस की सुविधा के भरोसे मरीज को रहना पड़ता है। अगर अस्पताल में पड़े एम्बुलेंस का उचित रखरखाव व सदुपयोग किया जाता तो क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलता। लेकिन अनदेखी के कारण मेंटेनेंस के अभाव में एम्बुलेंस धूल फांक रहा है और लोगों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ सहन करना पड़ रहा है। अस्पताल में समुचित स्वास्थ्य सुविधा का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है. स्थानीय लोगों ने कहा कि महागामा अनुमंडल बनने के बाद बेहतर चिकित्सीय सुविधा मिलने की आस लोगों में जगी थी लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सह रेफरल अस्पताल में आए दिन हो रहे इलाज में लापरवाही के मामले से क्षेत्र के लोग निराश है। वही इस संबंध में अस्पताल कार्यालय से बताया गया कि चालक व मेंटेनेंस के अभाव में एम्बुलेंस अस्पताल परिसर में खड़ी है।


