संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़)। महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार ने गुरुवार को अमड़ापाड़ा थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभारी थाना प्रभारी श्रीचाँद किस्कू से थाना से संबंधित आवश्यक जानकारी ली। वहीं एसडीपीओ ने अमड़ापाड़ा थाना के एसआई श्रीचाँद किस्कू, अरविंद मंडल साथ पुलिस बल के साथ आलूबेड़ा क्षेत्र अंतर्गत तालझारी गांव के समीप पचुवाड़ा सेंट्रल कोल ब्लॉक के सालों से बंद पड़े कोयले खादान के हिस्से का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने बताया कि पिछले कई दिनों से पचुवाड़ा सेंट्रल कोल ब्लॉक के बंद पड़े हिस्से से अवैध रूप से कोयले का खनन और ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल से परिवहन की सूचना मिल रही थी। इसी संबंध में खदान के बंद पड़े हिस्से का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली गयी है। हालांकि मौके पर ना ही कोई मोटरसाइकिल मिली और ना कोई अन्य वाहन। लेकिन कोयला खदान के बंद पड़े हिस्से में सुरंग बनाकर अवैध रूप से कोयला निकालने के निशान मिले हैं। एसडीपीओ ने आगे बताया कि किसी भी हाल में क्षेत्र में अवैध कोयले का खनन एवं परिचालन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि एक दो दिनों में खदान के बंद पड़े हिस्से में बनाए गए सुरंग को ध्वस्त किया जाएगा। साथ ही बंद पड़े खदान में आने-जाने वाले सभी मार्ग को अवरूद्ध किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार के वाहन बंद खदान में प्रवेश नहीं कर सके।


