जामताड़ा : श्री श्री सार्वजनिन काली मंदिर ट्रस्ट स्टेशन रोड के सौजन्य से जामताड़ा ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर लगाया गया। ट्रस्ट की ओर से लगाए गए शिविर में करीब 50 यूनिट ब्लड इकट्ठा किए गए। काली मंदिर ट्रस्ट की ओर से सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया और उन्हें मोमेंटो प्रदान किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सरकार ने बताया कि मानव हित में रक्तदान ही महादान है और इसी उद्देश्य से सामाजिक गतिविधि कार्य के तहत हमलोगों ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया है। बताया कि इस रक्तदान शिविर में संजीवनी मेडिकल के मनोज भंडारी, आशा क्लिनिक के शांतनु, सिटी हॉस्पिटल, शालिग्राम हॉस्पिटल, डॉ मधुबाला सिन्हा, पारस प्रभा फाउंडेशन, ज्ञान रेनू विद्यालय, जामताड़ा वॉलंटरी ब्लड डोनर एसोसिएशन आदि का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके चलते मानव सेवा के क्षेत्र में हमने इस रक्तदान शिविर का सफलतापूर्वक संचालन किया है। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नयन भट्टाचार्य ने कहा कि श्री श्री सार्वजनिक मां काली मंदिर ट्रस्ट का नया गठन हुआ है। सबसे पहले हमने मानव सेवा के क्षेत्र में कार्य करने का निर्णय लिया और उसी के तहत सामाजिक गतिविधियां संचालित की जा रही है। हम अलग-अलग क्षेत्र में लोगों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। ब्लड डोनर एसोसिएशन के सचिव अरूप मित्रा ने कहा कि जिले का एकमात्र ब्लड बैंक इस पुराने सदर अस्पताल परिसर में स्थित है जो जिले भर के लिए पर्याप्त नहीं है। यहां पर अक्सर ही लोग खून की कमी के कारण परेशान रहते हैं। हमारी संस्था काफी सालों से इस क्षेत्र में काम कर रही है। हम लोग समय-समय पर जरूरतमंद लोगों को ब्लड मुहैया करने का कार्य करते हैं। इस रक्तदान शिविर के सफल संचालन में ट्रस्ट के संयुक्त सचिव पुरुषोत्तम भट्टाचार्य व ध्रुव नारायण सरकार, खजांची सुभाष नाग, अरूप मित्रा, मुकेश पंडित, आशीष मिश्रा, नितेश सेन, देबू सरकार, निमाई चंद्र राउत, निलय सरकार सहित अन्य सदस्यों ने भरपूर सहयोग प्रदान किया।


