संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । थाना क्षेत्र के जड़ाकी पंचायत अंतर्गत गोगाजोर गांव में एक महिला को डायन कहकर उसके साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में 50 वर्षीय ठाकुर मोहाली ने गांव के ही सात नामजद व 10 से 15 अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध डायन कहकर मारपीट व प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया है। ठाकुर मोहली के आवेदन के अनुसार बीते 15 दिसंबर को गांव के ही कुछ महिला-पुरुष ने उसे डायन बोलकर उसके साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाते हुए कहा है कि गांव के ही शिवपूजन सोरेन, फागु सोरेन, एलम सोरेन, फुलीन मरांडी, सावित्री बेसरा, बहामनी मुर्मू, मर्शिला मुर्मू सहित अन्य लोगों ने डायन कहते हुए उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि उसके दिन की शुरुआत पूजा-पाठ करके ही होती है। जबकि कई ग्रामीणों ने मेरे पूजा-पाठ को गलत नजरिए से देखकर मुझपर यह आरोप लगाने लगे कि मैं पूजा पाठ हम सभी लोगों के हित के लिए नहीं बल्कि डायन बनने के लिए करती हूं। महिला ने बताया कि बीते रोज की तरह बीते 15 दिसंबर को भी मैंने सुबह पूजा-पाठ किया। इसी दौरान गांव के ही शिवपूजन सोरेन, फागु सोरेन, एलम सोरेन, फुलीन मरांडी, सावित्री बेसरा, बहामनी मुर्मू, मर्शिला मुर्मू सहित अन्य लोगों ने मिलकर डायन कहते हुए मेरे साथ मारपीट की। किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए मैं गांव की महिला मोहिला हेंब्रम के घर में घुस गयी। आरोपित यहीं नहीं रुके उनलोगों ने मेरे साथ-साथ मोहिला हेम्ब्रम उसके पति बरसन सोरेन, बेटी प्रमिला सोरेन के साथ भी मारपीट की। मारपीट को लेकर गांव में पंचायत बैठा। इस संबंध में बीते दिनों गांव में सामाजिक पंचायती भी हुई जिसमें मामले में समझौता करते हुए मुझपर दो लाख साठ हजार और मोहिला हेम्ब्रम पर दो लाख पच्चास हजार का जुर्माना लगा दिया गया। मैंने कहा कि मैं पैसा देने से असमर्थ हूँ लेकिन गांव वालों ने नहीं माना। मुझे गांव से बाहर करते हुए गांव नहीं आने की धमकी दी है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी:- पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा ने बताया कि लिखित आवेदन पर थाना कांड संख्या 82/24 दर्ज किया गया है। मामले की जाँच की जा रही है। फिलहाल गाँव वालों को कानून हाथ में लेने से मना किया गया है।



