दुमका । जिले के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने गुरुवार को जिले के परीक्ष्यमान पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक एवं सभी थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा की बैठक की| बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारी को लंबे समय से लंबित कांडों को त्वरित गति से निष्पादन कर लंबित आंकड़ों को कम करने के लिए विशेष दिशा निर्देश दिए। विधि व्यवस्था संबंधित विषयों पर समीक्षा कर सभी पुलिस पदाधिकारी को विशेष दिशा निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने वाहन चोरी की घटना को रोकने के लिए गस्ती पार्टियों को लगातार गस्ती करने एवं वाहन चोरी वाले कांडों को वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान करने का निर्देश दिया। बैठक में उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारी को महिला सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए महिलाओं से अपील किया कि आपातकाल परिस्थिति में डायल 112 एवं 112 पैनिक मोड,शक्ति एप्प का इस्तेमाल करें एवं सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के हाट बाजारों में सतत निगरानी बरतने को लेकर निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक ने क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम की समीक्षा कर सीसीआईएनसी के कोर एप्लीकेशन सिस्टम सॉफ्टवेयर में वर्ष 2024 के सभी कांडों एवं अनुसंधान विवरणी टाइम फ्रेम – 31 दिसम्बर तक अपडेट करने का निर्देश दिया|
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को चरित्र प्रमाण पत्र निर्गत करने की गति को तेज करने का निर्देश दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नें पुलिस पदाधिकारियों को थाना में आने वाले लोगों से विनम्रता से पेश आने का निर्देश दिया। मौके पर उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए| सभी थाना प्रभारियों को साइबर क्राइम के रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।



