17वां दिन भी सातवें वेतनमान में वेतन भुगतान की मांग को लेकर शिक्षकेतर कर्मियों के हड़ताल एवं तालाबंदी कार्यक्रम जारी
लगभग 700 सृजित पदों के विरुद्ध सिर्फ 182 कर्मचारी के भरोसे है विश्वविद्यालय:नेतलाल मिर्धा
बोले : कुलपति आवास से चल रहा है एसकेएमयू विश्वविद्यालय, विश्वविद्यालय प्रशासन की हरकत से हड़ताल कर्मी मर्माहत
दुमका ब्यूरो

दुमका। सातवें वेतनमान में वेतन भुगतान को लेकर शिक्षकेतर कर्मियों के हड़ताल एवं तालाबंदी कार्यक्रम का 17वां दिन है। विश्वविद्यालय प्रशासन हड़ताल समाप्त करने के लिए कोई भी सकारात्मक पहल नहीं कर रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन यह साबित करने की कोशिश कर रही है कि इस विश्वविद्यालय के शिक्षकेतर कर्मियों के हड़ताल पर जाने से कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ रहा है। विश्वविद्यालय के लिए इतने बड़े परिसर और कर्मचारियों की कोई आवश्यकता नहीं। कुलपति आवास से ही सभी कार्यों का निष्पादन किया जा सकता है। शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ प्रभारी कुलपति के कर्मचारियों के प्रति ऐसी असंवेदनशील भावना की घोर निंदा करता है। प्रभारी कुलपति की ऐसी तानाशाही सोच कर्मचारियों की विश्वविद्यालय के प्रति समर्पण की भावना को कमजोर कर रही। साथ मिलकर कार्य करने की सोच को समाप्त करती है।
आज ए एन महाविद्यालय दुमका के शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल हम कर्मचारियों के धरना स्थल पर आए एवं हम लोगों के मांगों को जायज बताते हुए अपना नैतिक समर्थन दिया। ए एन महाविद्यालय के शिक्षक डॉ मुकुल कुमार सिंह ने कहा “विश्वविद्यालय की यह तानाशाही विचार सर्वथा विरोध पूर्ण है।”
हमारी एक ही मांग है- सातवें वेतनमान में वेतन भुगतान प्रारंभ किया जाए किंतु विश्वविद्यालय प्रशासन सभी परिस्थितिया अनुकूल रहने पर भी कर्मचारियों की मदद नहीं करना चाहती। महासंघ के सचिव नेतलाल मिर्धा ने कहा कि “लगभग 700 सृजित पदों के विरुद्ध आज सिर्फ 182 कर्मचारी कार्यरत है। कार्य बोझ से दबे अल्पवेतनभोगी शिक्षकेतर कर्मचारियों से जहां विश्वविद्यालय प्रशासन को सहानुभूति होनी चाहिए वहीं इसके विपरीत हमें अपमानित करने की विश्वविद्यालय प्रशासन की भावना से आहत ही नहीं आक्रोशित भी हूं।



