महागामा : प्रखंड के बसुआ चौक पर गुरुवार को महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने विधायक दीपिका पांडेय सिंह के मंत्री पद की शपथ लेने के बाद जोश और उत्साह के साथ जश्न मनाया। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों पर नृत्य किया और खुशी में झूमते नजर आए। पूरे माहौल में उत्सव का रंग छा गया। समर्थकों ने एक स्वर में दीपिका पांडेय सिंह के समर्थन में “दीपिका पांडेय सिंह जिंदाबाद” और “महागामा की शान, दीपिका पांडेय सिंह” के नारे लगाए। स्थानीय लोगों ने भी मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। क्षेत्र में जगह-जगह पटाखे फोड़े गए। इस अवसर पर कई वरिष्ठ कार्यकर्ता पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और दीपिका पांडेय सिंह के मंत्री बनने को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि दीपिका पांडेय सिंह की सादगी, संघर्ष और समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। लोगों ने उन्हें एक प्रमुख नेता और समाजसेविका बताते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में महागामा क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छुएगा। जहां सभी ने मिलकर एकता और समर्पण की भावना को मजबूत किया।इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में महागठबंधन के कार्यकर्ता उपस्थित थे।



