– अतिक्रमिक स्थानों पर चला नगर परिषद का बुलडोजर
गोड्डा : शहर में बढ़ते जाम की समस्या के समाधान को लेकर नगर परिषद एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय के नगर स्थित मीट मंडी रोड से लेकर नगर थाना तक अतिक्रमिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर की सड़कों के किनारे अतिक्रमित स्थानों पर नगर परिषद का बुलडोजर चला कर अतिक्रमिक किए गए जगहों को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। बताते चलें कि यह अभियान पिछले चार दिनों से लगातार जारी है जिसके तहत नगर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। नगर परिषद का बुलडोजर चलाए जाने से पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी ने सभी को पत्र जारी कर एवं माइकिंग के माध्यम से पूरे नगर क्षेत्र में अतिक्रमिक स्थानों को खाली कराने का अल्टीमेटम दिया गया था बावजूद किसी ने अतिक्रमिक जगहों को खाली नहीं किया जिसके बाद नगर परिषद का बुलडोजर चला कर सड़कों को अतिक्रमणमुक्त कराया जा रहा है। यह अभियान कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद गोड्डा, आशीष कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस अभियान के तहत सड़कों और नालों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। वहीं सड़क और नाले पर हो रहे अतिक्रमण को चिन्हित करने के लिए पीले रंग से सीमांकन किया गया। इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस तरह का कार्य करने पर कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं इस अभियान में उन दुकानदारों को निशाना बनाया गया, जो अपनी दुकानों का सामान सड़क पर फैलाकर बिक्री करते हैं। ऐसे दुकानदारों का सामान जब्त कर उन्हें आर्थिक दंड दिया गया। इस अभियान के दौरान सड़क पर लगे वाहन के मालिकों को सलाह दी गई कि नो पार्किंग जोन में गाड़ी नहीं लगाया जाए। वाहन हमेशा पार्किंग जोन में रखें। वहीं संबंधित अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात मिल सके। उक्त अभियान के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी एवं नगर परिषद के अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं नगर थाना के पुलिस बल मौजूद रहे। यह पहल गोड्डा शहर को जाम मुक्त कराने के लिए एक अहम कदम साबित हो सकती है।



